
संवाददाता
गाजियाबाद। खोड़ा में जलापूर्ति के लिए पानी की पाइप लाइन बिछाने व नलकूपों के माध्यम से पानी घर-घर तक पहुंचाने के लिए जिस योजना का 16 अप्रैल को साहिबाबाद विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा काे शिलान्यास करना था, उसका सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने नलकूप चलाकर उद्घाटन करने का दावा किया। जबकि सुनील शर्मा ने इसे जनता को गुमराह करने वाला स्टंट बताया है।
पानी चलाकर कर दिया उद्घाटन किया
सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा का हास्यास्पद रूप से कहना है कि उन्हें कैबिनेट मंत्री द्वारा 16 अप्रैल को योजना के शिलान्यास करने की अधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि खोड़ा में वर्तमान में चार नलकूप लगाए गए हैं, सोमवार को उन्होंने पानी चलाकर इनका उद्घाटन किया। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा खोड़ा में 20 नलकूप स्थापित किए जाने हैं, जिनके माध्यम से पाइप लाइन द्वारा पानी घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा का कहना है कि 2007 में उन्होंने विधायक रहते हुए दो टंकियों का निर्माण कराया था। इनके माध्यम से दो वार्डों में पानी की आपूर्ति की जा रही थी। एक नलकूप की मोटर खराब हो गई थी। इसकी रिपेयरिंग कराई गई है। इस मोटर को चलाकर नगर पालिका अध्यक्ष ने रिपेयरिंग कार्य का उद्घाटन कर लोगों को भ्रमित किया है। यह काम भी उनके द्वारा ही कराया गया था। कैबिनेट मंत्री का कहना है कि 15वें वित्त आयोग से पानी की सप्लाई की योजना का शिलान्यास उनके द्वारा विधिवत तरीके से 16 अप्रैल को ही होगा।
पानी के लिए मचती है मारामारी
खोड़ा में पेयजल की समस्या विकट है और पानी के लिए कई बार लोगों में मारामारी तक हो जाती है। यहां के कुछ वार्ड में भूजल है ही नहीं जबकि कुछ वार्ड में 900 से 1000 फीट तक पानी का स्तर पहुंच गया है। ऐसे में लोगों को पानी के लिए यहां बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। नगर पालिका कुछ वार्ड में टैंकरों के जरिये प्रतिदिन जलापूर्ति कराती है। खाेड़ा में विकास कार्याें को लेकर प्रदेश सरकार प्राथमिकता पर योजनाओं का संचालन करा रही है। लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए काम किया जा रहा है। भूमिगत जलाशय और ट्यूबवेल बनने से लोगों की परेशानी काफी हद तक कम हो सकेगी।

बता दें कि खोड़ा के 17 वार्डों में पेयजल की समस्या को समाप्त करने के लिए पाइपलाइन, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय के प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई है। कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा 16 तारीख को इन योजनाओं का शिलन्यास करेंगे। जिलाधिकारी के आदेशानुसार 15वें वित्त आयोग से नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर के 17 वार्डों में पेयजल की समस्या को समाप्त करने के लिए काम किया जा रहा है। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय का प्रस्ताव तैयार किया गया था। यूपी कैबीनेट में मंत्री सुनील शर्मा खाेडा क्षेत्र का विधायक बनने के बाद से ही शासन स्तर पर इलाके की जनता का पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पेयजल समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
हैरानी की बात है कि कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने 16 तारीख को खोड़ा की पेयजल योजनाओं का शिलन्यास करने की बाबत कई दिन पहले एक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर डाली थी लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका अध्यक्ष ने कथित रूप से उदघाटन कर दिया।



