
संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में तैनात एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के 7 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, इन अधिकारियों को दिल्ली से हटाकर जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी, मिजोरम और चंडीगढ़ जैसे विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
जम्मू-कश्मीर को मिले तीन नए अधिकारी
प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में. गृह मंत्रालय ने दिल्ली में अपनी सेवाएं दे रहे आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल, आशा चौधरी मल्होत्रा और विकास अहलावत को तुरंत प्रभाव से जम्मू-कश्मीर स्थानांतरित किया है. घाटी में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के मद्देनजर इन अधिकारियों की तैनाती को अहम माना जा रहा है.
पुडुचेरी और अन्य राज्यों में भी बदलाव
गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, आईएएस अधिकारी राजीव शुक्ला और अनूप ठाकुर को दिल्ली से पुडुचेरी भेजा गया है. वहीं, सौम्यकेतु मिश्रा को मिजोरम और डी. कार्तिकेयन को चंडीगढ़ में नई तैनाती दी गई है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन सभी अधिकारियों को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया गया है.
15 दिनों के भीतर कार्यमुक्त होने के निर्देश
गृह मंत्रालय के अवर सचिव राकेश कुमार सिंह के हस्ताक्षरित इस आदेश में सख्त हिदायत दी गई है कि सभी संबंधित अधिकारियों को इस स्थानांतरण आदेश के जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर दिल्ली से कार्यमुक्त कर दिया जाए. आदेश की प्रति दिल्ली के मुख्य सचिव सहित सभी संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भेज दी गई है, ताकि ज्वाइनिंग की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके.
दिल्ली सरकार के कई विभागों पर पड़ेगा असर
बता दें कि एक साथ सात आईएएस अधिकारियों के दिल्ली से बाहर जाने के कारण राजधानी के कई महत्वपूर्ण विभागों में प्रशासनिक पदों पर बदलाव देखने को मिलेगा. जल्द ही इन रिक्त स्थानों को भरने के लिए केंद्र सरकार नई नियुक्तियों की घोषणा कर सकती है.



