latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

गाजियाबाद नगर निगम में शामिल होगी खोड़ा और लोनी नगर पालिका, विकास कार्यों को मिलेगी तेजी

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम की सीमा का जल्द ही विस्तार होगा। नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर और नगर पालिका परिषद लोनी को गाजियाबाद नगर निगम में शामिल किया जाएगा। इससे लोनी और खोड़ा में विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे।

दिल्ली से सटे यह दोनों क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इस वजह से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और नगरआयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को रैपिडएक्स ट्रेन के उद्घाटन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए गाजियाबाद पहुंचे थे। निरीक्षण से पहले सीआइएसएफ गेस्टहाउस में उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा और लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लोनी में पेयजल की समस्या के बारे में बताया। इसके साथ ही कूड़ा निस्तारण की समस्या के बारे में जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में समस्याओं का समाधान तभी हो पाएगा जब ये दोनों नगर पालिकाएं गाजियाबाद नगर निगम में शामिल हो जाएं। उसी वक्त उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव जल्द से तैयार कर शासने को भेजने के निर्देश दिए। गाजियाबाद नगर निगम में वर्तमान में 100 वार्ड है। खोड़ा और लोनी के शामिल होने से गाजियाबाद के वार्डोंं की संख्या 175 से लेकर 200 तक हो सकती है। ऐसा हुआ तो यह प्रदेश का सबसे बड़ा नगर निगम होगा।

लखनऊ के लिए भरी जाएगी हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान

बैठक के दौरान ही जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दिल्ली एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ और आसपास के जिलों में आवागमन करते हैं। लंबी दूरी के लिए ट्रेन, बस या चोपहिया वाहन से सफर करना पड़ता है। गतंव्य तक जाने के लिए अधिक समय लगता है। गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट है यदि यहां लखनऊ के लिए उड़ान सेवा शुरू हो जाए तो लोगों को राहत मिलेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह से कहा कि गाजियाबाद से लखनऊ के लिए उड़ान सेवा शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें, जिससे कि जल्द ही उड़ान सेवा शुरू हो सके।

अब जीडीए संचालित करे कैलास मानसरोवर भवन

इंदिरापुरम में बने कैलास मानसरोवर भवन का संचालन वर्तमान में पर्यटन विभाग द्वारा किया जाता है। लेकिन इसकी देखरेख न हो पाने का भी मुद्दा उठाया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही यह भवन जीडीए को हैंडओवर कर दिया जाएगा जिससे कि समस्या न हो। हरनंदी नदी के प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा की गई। इस पर मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि नदी के सुंदरीकरण को लेकर तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तैयारी नहीं इस पर तेजी से काम किया जाए और जल्द से जल्द हरनंदी नदी रिवर फ्रंट गाजियाबाद में बनाया जाए।

शत्रु संपत्ति मामले का जल्द करें निस्तारण

मोदी नगर में शत्रु संपत्ति का मामला लंबे समय से चर्चा में है। इसको लेकर लोगाें ने जिला प्रशासन से लेकर शासन तक गुहार लगाई है। इस पर मुख्यमंत्री खुद संज्ञान लिया और जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि इस मामले का निस्तारण जल्द से जल्द करें। किसी भी व्यक्ति का कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। लोगों से जिला प्रशासन के अधिकारी वार्ता कर समस्या का हल निकालें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com