latest-newsदेश

मौजूदा संसद में 225 सांसदों पर आपराधिक मामले जबकि महिला सांसद मात्र 15 फीसद

एडीआर ने लोकसभा 2019 के 543 में से 514 वर्तमान सांसदों पर जारी की रिपोर्ट

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली । चुनावी सरगर्मियों के बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने मौजूदा लोकसभा सांसदों से जुड़ी एक रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, 44 फीसदी मौजूदा सांसदों कि खिलाफ आपराधिक मामले, जबकि 29 फीसद के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मौजूदा संसद में 25 अरबपति सांसद भी हैं।

एडीआर ने लोकसभा 2019 के 543 में से 514 वर्तमान सांसदों के शपथपत्रों पर एक रिपोर्ट तैयार की है। अकबरपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद देवेन्द्र सिंह का शपथपत्र उपलब्ध न होने के कारण उनका विश्लेषण रिपोर्ट में नहीं है और 28 सीटें रिक्त हैं। यह रिपोर्ट 2019 के लोकसभा चुनावों और उसके बाद हुए उपचुनावों में उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए हलफनामों पर आधारित है।

44 फीसद सांसद दागी

514 में से 225 (44 फीसद) वर्तमान सांसदों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। वहीं 149 (29 फीसद) वर्तमान सांसदों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, सांप्रदायिक हिंसा, अपहरण, महिलाओं के ऊपर अत्याचार इत्यादि से जुड़े अपराध शामिल हैं।

9 वर्तमान सांसदों ने अपने ऊपर हत्या से जुड़े मामले घोषित किए हैं। इनमें से भाजपा के 5 वर्तमान सांसद जबकि कांग्रेस, बसपा, वाईएसआर कांग्रेस और निर्दलीय से एक-एक सांसद है। 28 सांसदों ने अपने ऊपर हत्या का प्रयास से जुड़े मामले घोषित किए हैं। इनमें से भाजपा से 21 सांसद जबकि कांग्रेस, टीएमसी, बसपा, एनसीपी (शरद गुट), वाईएसआर कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और वीसीके से एक-एक सांसद है। 16 वर्तमान सांसदों ने महिलाओं के ऊपर अत्याचार से जुड़े मामले घोषित किए हैं। इन 16 में से 3 वर्तमान सांसदों ने अपने ऊपर दुष्कर्म (आईपीसी-376) से जुड़े मामले घोषित किए हैं।

पार्टीवार दागी सांसद

भाजपा के सबसे ज्यादा 294 में से 118 (40 फीसद) वर्तमान सांसदों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इसके बाद कांग्रेस के 46 में से 26 (57 फीसद), डीएमके के 24 में से 11 (46 फीसद), टीएमसी के 19 में से 8 (42 फीसद), जदयू के 16 में से 12 (75 फीसद) और वाईएसआर कांग्रेस के 17 में से 8 (47 फीसद) सांसद हैं।

गंभीर आपराधिक मामलों वाले वर्तमान सांसद भी सबसे ज्यादा भाजपा के 294 में से 87 (30 फीसद) हैं। इसके बाद कांग्रेस के 46 में से 14 (30 फीसद), डीएमके के 24 में से 7 (29 फीसद), टीएमसी के 19 में से 4 (21 फीसद), जदयू के 16 में से 8 (50 फीसद) और वाईएसआर कांग्रेस के 17 में से 7 (41 फीसद) सांसदों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

25 सांसद अरबपति हैं

514 में से 25 (5 प्रतिशत) वर्तमान सांसदों ने 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति घोषित की है। सबसे ज्यादा भाजपा के 294 में से 9 अरबपति सांसद हैं। इसके बाद कांग्रेस, वाईएसआर, बीआरएस, शिरोमणि अकाली दल के दो-दो सांसद हैं। वहीं डीएमके, टीएमसी, शिवसेना, टीडीपी, बीजेडी, बसपा, एनसीपी (शरद गुट) और निर्दलीय से एक-एक सांसद अरबपति हैं। इन सांसदों की घोषित संपत्ति 100 करोड़ से ज्यादा है। छिंदवाड़ा से कांग्रेस के नकुलनाथ सबसे ज्यादा संपत्ति घोषित करने वाले सांसद हैं। नकुल ने 660 करोड़ की संपत्ति बताई है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक की बैंगलोर ग्रामीण सीट से कांग्रेस के डी.के. सुरेश हैं। सुरेश ने 338 करोड़ की संपत्ति बताई है। तीसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के नरसापुरम से निर्दलीय सांसद कनुमुरु रघु राम कृष्ण राजू हैं, जिनकी संपत्ति 325 करोड़ है।

प्रज्ञा ठाकुर तीसरी सबसे कम संपत्ति वाली सांसद

गोड्डेती माधवी सबसे कम संपत्ति घोषित करने वाले वर्तमान सांसद हैं। आंध्र प्रदेश की अराकु से वाईएसआरसीपी की सांसद के पास 1.41 लाख की संपत्ति है। इसके बाद ओडिशा के क्योंझर से लोकसभा सदस्य चंद्राणी मुर्मू हैं, जिनकी संपत्ति 3.40 लाख है। भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर 4.44 लाख की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

15 प्रतिशत महिला सांसद

मौजूदा संसद में इस समय 514 में से 75 (15 प्रतिशत) महिला सांसद है, जबकि 439 (85 प्रतिशत) पुरुष वर्तमान सांसद हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com