
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में अनैतिक देह व्यापार में लिप्त 14 महिलाएं और 8 पुरुषों को हिरासत में लिया है। रविवार को सूचना मिलने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने तुलसी निकेतन और डीएलएफ कॉलोनी से महिला और पुरुष सहित कुल 22 लोगों को अनैतिक कार्य करते हुए पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक वस्तु और 26 हजार रुपए भी बरामद किए हैं।
गाजियाबाद में टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित तुलसी निकेतन और शालीमार थाना क्षेत्र स्थित डीएलएफ कॉलोनी में देह व्यापार का अनैतिक कार्य करने की सूचना गाजियाबाद पुलिस को मिल रही थी। इसके बाद शालीमार गार्डन के एसीपी सिद्धार्थ गौतम के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने मिलकर तुलसी निकेतन स्थित एक मकान से पांच महिलाएं सहित एक पुरुष को हिरासत में लिया है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मकान में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। साथ ही डीएलएफ कॉलोनी में स्थित एक मकान पर भी छापा मारा गया। जहां से 9 महिलाएं और सात पुरुषों को हिरासत में लिया गया। दोनों जगह से आपत्तिजनक वस्तुएं पाई गई है। एसीपी ने बताया कि दोनों जगहों से कुल 26 हजार रुपए भी पुलिस ने बरामद किए हैं। सभी 22 लोगों को जिनमें 14 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल है, सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।



