
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। राज्यमंत्री एवं सांसद जनरल वीके सिंह 9 साल में पहली बार खुलकर बोले। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, यहां हो रही गतिविधियों पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से गहन चर्चा हुई है। दुष्प्रचार करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया जाएगा।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री का पूरा इशारा उनके समकक्ष जनप्रतिनिधि और कुछ विधायकों की तरफ था। दरअसल, सेना से जुड़ी गोपनीय बातों को किताबों के जरिये लीक करने के आरोप में भारतीया सेना की सिग्नल रेजिमेंट के ऑफिसर मेजर जनरल विकास कुमार सिंह पर लंबे वक्त से कोर्ट केस चल रहा है। दो दिन पहले इस केस को जनरल वीके सिंह से जोड़कर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर खबरें वायरल कर दीं।
इन्हीं खबरों को लेकर सांसद जनरल वीके सिंह ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता बुलाकर सफाई दी। उन्होंने कहा, इस केस में किसी ने अपना कुटिल दिमाग लगाया है। केस कोई और है, मेरा नाम फोटो का गलत इस्तेमाल करके दुष्प्रचारित करने का प्रयास किया गया। जनरल वीके सिंह ने साफ तौर पर कहा, मैं जब पाकिस्तान के सारे डोजियर रख सकता हूं तो यहां भी मेरे पास सबके डोजियर हैं। जिस दिन गड़बड़ हुई, उस दिन आपको (मीडिया को) सारे डोजियर दे दूंगा।
गाजियाबाद में पिछले एक साल से कुछ लोग गलतफहमी, दुष्प्रचार की कोशिश कर रहे हैं। उन लोगों के अस्तित्व को खतरा है तो वो दूसरों के अस्तित्व पर प्रहार करना चाहते हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस बात से अवगत है। जो लोग अपने फायदे के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं, उनके खिलाफ पार्टी सख्त एक्शन लेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा, साल-2014 में जब से नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं, तब से राजनीति की परिभाषा बदली है। जनता ये देखती है कि काम जमीन पर कितना है। बड़ी-बड़ी बातें करने से काम दिखाई नहीं देता। गाजियाबाद की जनता को पता है कि क्या काम हुआ है और क्या होने वाला है।



