
संवाददाता
नई दिल्ली । पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। आज करीब 12 बजे कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ सोनिया गांधी राजस्थान विधानसभा पहुंचीं। उनके नामांकन के दौरान राहुल व प्रियंका गांधी भी मौजूद थे। सोनिया के जयपुर पहुंचने के बाद ही पार्टी ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की थी। सोनिया गांधी के साथ 3 और नेताओं के नाम का भी ऐलान किया गया। हालाँकि सोनिया गाँधी को तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना से राजयसभा चुनाव लड़ने का न्यौता दिया था लेकिन सोनिया ने तेलंगाना की जगह राजस्थान से अपना पर्चा दाखिल किया।

कांग्रेस ने भी राज्यसभा के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी की। इसमें सोनिया गांधी के अलावा अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश, डॉ. आखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से प्रत्याशी बनाया गया।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी के राज्यसभा से नामांकन का स्वागत किया और कहा कि सोनिया हमेशा राजस्थान से जुड़ी रही हैं। हम कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में आदरणीय श्रीमती सोनिया गांधी जी की घोषणा का हार्दिक स्वागत करते हैं, जिन्होंने प्रधान मंत्री का पद त्याग दिया। गहलोत ने सोनिया गांधी की राज्य की कई यात्राओं को याद करते हुए एक्स पर पोस्ट किया जिनमें से कुछ पूर्व प्रधानमंत्री के साथ थीं।



