
गाजियाबाद : राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर ने सीवर हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को शनिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। जल निगम गेस्ट हाउस में उन्होंने परिजनों को यह राशि चेक के माध्यम से प्रदान की। इस मौके पर समस्तीपुर के रोसरा विधायक डॉ. अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
मंजू दिलेर ने कहा कि वह हमेशा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। जब भी कोई समस्या हो तो परिजन उनसे संपर्क करें। वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहेंगी। साथ ही उन्होंने जल निगम को निर्देशित किया कि मुख्यालय को पत्र लिखकर पीड़ित परिवारों के एक-एक सदस्य को नौकरी दिलाई जाए, ताकि वह लोग अपनी रोजी-रोटी चला सकें। मृतक दामोदर की पत्नी संजू देवी, मृतक संजीत की पत्नी शोभा कुमारी व मृतक होरिल की पत्नी मीणा देवी को 10 लाख की चेक प्रदान की गई।
समस्तीपुर के रोसरा विधायक डॉ. अशोक कुमार ने बिहार सरकार की ओर से एक लाख रुपये मुआवजा राशि देने की बात कही। वहीं मृतक शिवकुमार की पत्नी कंजन कुमारी, मृतक विजय राय की पत्नी कृष्णा देवी को शुक्रवार को भी सहायता राशि का चेक दे दिया गया था।



