
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के लोगों को एक बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है. इस खुशखबरी के मिलने के बाद उनका दिल्ली से सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून का सफर आसान हो जाएगा. दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रहे हैं. इसके बाद इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. 210 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद न सिर्फ दिल्ली से सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून की दूरी घटेगी बल्कि लोगों के समय की भी बचत होगी.
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन देहरादून से करेंगे. जबकि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता दिल्ली में उद्घाटन में शामिल होंगी. पूर्वी दिल्ली के महावीर पार्क में इस उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर पूर्वी दिल्ली के सांसद केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने महावीर पार्क में तैयारियों का जायजा भी लिया.
अभी मेरठ से जाना होता है हरिद्वार और देहरादून
फिलहाल लोगों को देहरादून जाने के लिए मेरठ से हरिद्वार होते हुए जाना पड़ता है, जिससे देहरादून की दूरी ढाई सौ किलोमीटर से भी ज्यादा पड़ती है. इसके शुरू होने के बाद 40 किलोमीटर से ज्यादा दूरी कम हो जाएगी. साथ ही समय और ईंधन की बचत होने से पर्यावरण को भी लाभ होगा.
बता दें कि दिल्ली-देहरादून हाईवे दिल्ली में अक्षरधाम से शुरू होता है. दिल्ली में इसका 22 किलोमीटर का हिस्सा आता है. जिसका काम बहुत पहले ही पूरा हो चुका था. दिल्ली में इसका अधिकतर हिस्सा एलिवेटेड है. देहरादून की तरफ कुछ काम अधूरा रहने के चलते इसको अभी चालू नहीं किया गया था. दिल्ली से इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह पिछले 2 सालों में दिल्ली से चालू होने वाला दूसरा एक्सप्रेसवे होगा. इससे पहले द्वारका एक्सप्रेसवे का भी पीएम मोदी के द्वारा उद्घाटन किया जा चुका है.
ढाई घंटे में होगा, छह-सात घंटे का सफर
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद देहरादून का दिल्ली से 6 से 7 घंटे का सफर मात्र ढाई घंटे में पूरा होगा. खास बात यह है कि भारत का सबसे लंबा एलिवेटेड रोड होगा जो 12 किलोमीटर एलिवेटेड बनाया गया है, जो राजाजी पार्क के ऊपर से गुजरेगा ताकि जंगली जानवरों को कोई नुकसान न हो. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य वर्ष 2021 में शुरू कराया गया था. इसमें दिल्ली के अक्षरधाम से लेकर सहारनपुर के गणेशपुर चौक और सहारनपुर से देहरादून तक का निर्माण कार्य शामिल था.
दिल्ली से बागपत तक का एक्सप्रेस पिछले तीन माह से ट्रायल के रूप में खोला गया है. पूरे एक्सप्रेस पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति की अनुमति दी गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा की है. एक्सप्रेसवे पर 16 एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, 113 अंडरपास और 15 रेलवे ब्रिज बनाए गए हैं. जब एक्सप्रेस वे पूरी तरह चालू होगा तो सहारनपुर से देहरादून का सफर मात्र 45 मिनट में संभव हो जाएगा. इससे स्थानीय उद्योग, क्षेत्रीय विकास को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है.



