latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉली त्यागी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

संवाददाता

गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष डॉली त्यागी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कई राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर सवाल खड़े किए।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी और प्रोफेसर मधु किश्वर के बयानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी ही पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने गोवा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में सामने आए मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता के दबाव में आरोपित नेताओं पर कार्रवाई नहीं होती, जिससे एक चिंताजनक पैटर्न दिखाई देता है। उन्होंने गोवा में भाजपा पार्षद के बेटे पर लगे दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के कई जनप्रतिनिधियों पर दुष्कर्म और उत्पीड़न जैसे आरोप हैं, लेकिन पार्टी द्वारा उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड, उन्नाव प्रकरण और महिला पहलवानों से जुड़े विवादों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

प्रेसवार्ता में उन्होंने हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री, हिमाचल प्रदेश के एक विधायक और अन्य मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिखती। उन्होंने सजायाफ्ता अपराधियों को पैरोल मिलने और अन्य विवादित मामलों को भी उठाया।

डॉली त्यागी ने वाराणसी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें लगातार लापरवाही देखने को मिल रही है। इस मौके पर सीमा नाजमीन, रुबी मलिक सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com