
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा.
बारिश और हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 23 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम ठंडा बना रहेगा.
तापमान में उतार-चढ़ाव
दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है. वहीं, अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
IMD के अनुसार 24 से 27 मार्च के बीच तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, लेकिन बीच-बीच में बादल और हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिलती रहेगी. 25 और 26 मार्च को तापमान 31-32 डिग्री तक पहुंच सकता है.
हवा की गुणवत्ता में सुधार
मौसम में बदलाव के चलते राजधानी की हवा में भी हल्का सुधार देखा गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का AQI मध्यम श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है.



