
संवाददाता
गुरुग्राम। गुरुग्राम शहर में सेक्टर-33 स्थित जेएमडी गार्डन सोसाइटी में दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू ) की छात्रा के साथ रेप के आरोपी पकड़ा गया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया है। मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली 19 वर्षीय युवती शनिवार रात अपनी महिला दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए सेक्टर-33 के फ्लैट में आई थी।
इस पार्टी में शराब का सेवन हो रहा था। आरोपी दिव्यांम दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला है और पीड़िता की दोस्त के माध्यम से पार्टी में शामिल हुआ था। आरोप है कि देर रात शराब के नशे में धुत आरोपी ने युवती के साथ प्राइवेट पार्ट के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और उसके साथ रेप की कोशिश की।
पीड़िता ने अचानक हुए हमले से स्तब्ध होकर विरोध किया और शोर मचा दिया। साथ ही तुरंत अपनी दोस्त को सूचित किया। उसके बाद युवती ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सदर थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए रेप संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला आरोपी
सदर थाना प्रभारी बलराज के मुताबिक आरोपी मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला है और पार्टी में दोस्त के निमंत्रण पर आया था। जांच में पता चला कि आरोपी ने शराब के प्रभाव में गलत कृत्य किया। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और उसकी काउंसलिंग की जा रही है।
पुलिस ने मामले की गहन जांच की और आरोपी को दिल्ली से पकड़ा। पार्टी में मौजूद अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



