latest-newsएनसीआरदिल्ली

ट्रेनों में खाना बंद होने की खबरें अफवाह: IRCTC बोला– कैटरिंग सेवा पहले की तरह जारी

अफवाह फैलाई जा रही है कि ट्रेनों में खाने की आपूर्ति बंद हो गई है, जबकि वास्तविकता में ऐसा निर्णय नहीं लिया गया है.

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली । देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ट्रेनों में खाने की सेवा बंद होने की खबरों को लेकर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने स्थिति साफ की है. आईआरसीटीसी के जनसंपर्क अधिकारी वीके भाटी ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ प्लेटफॉर्म पर यह अफवाह फैलाई जा रही है कि आईआरसीटीसी ने ट्रेनों में खाने की आपूर्ति बंद कर दी है, जबकि वास्तविकता में ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी की ओर से किसी भी वेंडर या ट्रेन में कैटरिंग सेवा देने वाली कंपनी को इस तरह का कोई नोटिस भी जारी नहीं किया गया है. गलत अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नोटिस भी जारी किया जा रहा है. फिलहाल सभी ट्रेनों में कैटरिंग सेवाएं पहले की तरह सामान्य रूप से जारी हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि रेलवे की ओर से इस संबंध में कोई निर्देश जारी किए जाते हैं तो उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और नियमों का पालन कराया जाएगा.

बेस किचन में गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिए :

रेलवे और आईआरसीटीसी से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार ट्रेनों में भोजन व्यवस्था को लेकर फिलहाल किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है.उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी के देशभर में स्थित बेस किचन में गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिए होती है, इसके लिए गैस आपूर्ति कंपनियों से ओहले से ही अनुबंध हो रखा है,जिससे वहां भोजन तैयार करने में कोई दिक्कत नहीं आ रही है. इन किचनों में नियमित रूप से ट्रेनों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है और आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है.

नई पैंट्री कारों में इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल

आईआरसीटीसी कर्मचारियों ने ये भी बताया कि रेलवे में शामिल नई पैंट्री कारों में पारंपरिक गैस सिलेंडर के बजाय इंडक्शन आधारित चूल्हों का इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में इन कोचों में गैस की उपलब्धता से जुड़ी किसी समस्या का असर नहीं पड़ता. हालांकि कुछ पुरानी पैंट्री कारों में अभी भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के जरिए खाना बनाया जाता है, लेकिन वहां भी फिलहाल किसी तरह की कमी या आपूर्ति में बाधा की स्थिति सामने नहीं आई है.

अधिकारियों का कहना है कि आईआरसीटीसी के कई गैस आपूर्ति कंपनियों के साथ अनुबंध हैं, जिसके कारण फिलहाल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित नहीं हो रही है. इसी वजह से ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाली भोजन सेवा पर भी फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है.

आईआरसीटीसी अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है. यात्रियों को पहले की तरह ही भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, हालांकि भविष्य में यदि रेलवे बोर्ड की ओर से कोई नया आदेश या दिशा-निर्देश जारी होता है तो उसके अनुसार व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. फिलहाल ट्रेनों में कैटरिंग सेवा सुचारु रूप से जारी है. यात्रियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com