
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अपूर्वा वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 42वीं रैंक हासिल की है. यह उपलब्धि उनके निरंतर प्रयास, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है. अपूर्वा ने नौकरी के साथ अपनी तैयारी जारी रखी और इस बार सफलता हासिल कर अपने परिवार और झारखंड के बोकारो जिले का नाम रोशन किया है.
अपूर्वा वर्मा बताती हैं, “यह प्रयास बहुत खास था क्योंकि मैंने इसे अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए किया. मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. यह वाकई बहुत खास है. विभाग ने भी मेरा सहयोग किया क्योंकि मैंने पढ़ाई के लिए छुट्टियां भी ली थीं. मेरे पति भी सरकारी कर्मचारी हैं, जिन्होंने मेरा बहुत साथ दिया.”
अपूर्वा वर्मा मूल रूप से बिहार के चम्पारण की रहने वाली हैं. उनका परिवार वर्तमान में झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट में रहता है. अपूर्वा ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने NIT मणिपुर से ग्रेजुएशन पूरा किया.
अपूर्वा वर्तमान में दिल्ली में एसीपी के पद पर कार्यरत हैं. नौकरी के साथ उन्होंने UPSC की तैयारी को जारी रखा और कठिन परिश्रम के बाद इस बार 42वीं रैंक हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का गौरव पाया.
पहले भी पास की है यूपीएससी परीक्षा
इससे पहले वर्ष 2022 में अपूर्वा का चयन आईपीएस के लिए हुआ था और वह दिल्ली में एसीपी पद पर कार्यरत थीं. उनका सपना आईएएस बनने का था, इसलिए वो निरंतर तैयारी करती रहीं. इस बार उनके रैंक अच्छी आई है. महिला दिवस से पहले वो लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. न सिर्फ वो अपनी ड्यूटी निभाती रहीं, बल्कि मुकाम भी हासिल किया.



