
संवाददाता
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अब देश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के मैदान में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। हाल ही में Stanford University के Institute for Human-Centered Artificial Intelligence की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे मजबूत AI देश बन गया है। रिपोर्ट के मुताबिक एआई पावर रैंकिंग भारत ने सिर्फ एक साल में सातवें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगाई है। अमेरिका और चीन के बाद अब भारत AI तैयारी और उसके प्रसार में तीसरे पायदान पर खड़ा है। सबसे खास बात ये है कि भारत ने ब्रिटेन, जापान, जर्मनी, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जैसे विकसित देशों को पीछे छोड़ दिया है। ये उपलब्धि दिखाती है कि मोदी सरकार की डिजिटल और टेक नीतियां जमीन पर असर दिखा रही हैं।

इस एआई पावर इंडेक्स में देशों को 0 से 100 अंकों के स्केल पर आंका गया। इसमें एआई रिसर्च और डेवलपमेंट, टैलेंट और स्किल्स, निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी नीतियां और एआई अपनाने की रफ्तार जैसे पैमानों को शामिल किया गया। भारत इस एआई पावर इंडेक्स में टॉप-3 में शामिल एकमात्र निम्न-मध्य आय वाला देश है। रिपोर्ट के अनुसार भारत में एआई स्किल का प्रसार दुनिया में सबसे ज्यादा है। अब एआई ज्ञान सिर्फ बड़ी कंपनियों या रिसर्च लैब तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों इंजीनियर, डेवलपर और टेक प्रोफेशनल्स इससे जुड़ चुके हैं। एआई टैलेंट बेस के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है। इतना ही नहीं, GitHub पर वैश्विक एआई प्रोजेक्ट्स में योगदान के मामले में भी भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।



