
संवाददाता
पटना। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को बड़ी कानूनी राहत मिली है. दरअसल सांसद पप्पू यादव को पटना के अलग-अलग थानों समेत पूर्णिया में दर्ज तीन मामलों में जमानत मिल गई है. इनमें गर्दनीबाग और बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से जुड़े केस भी शामिल हैं. अदालत से बेल मिलने के बाद अब उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है.
जानकारी के मुताबिक, इन मामलों को लेकर पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में थे और उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी. शुक्रवार को अदालत ने तीनों मामलों में उन्हें राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली. कोर्ट के फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है.
कानूनी सूत्रों के अनुसार, जमानत की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई संभव होगी. संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जेल प्रशासन उन्हें रिहा करेगा. राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले की चर्चा तेज हो गई है. समर्थकों का कहना है कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा था और अब सच सामने आ गया है. वहीं विपक्षी दलों की ओर से मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.



