
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शाहबाद डेयरी इलाके में सक्रिय एक कुख्यात संगठित अपराध गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर पंकज उर्फ सूरा उर्फ सुअर और उसके साथी आकाश उर्फ अक्कू को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, पंकज इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जो इलाके में दहशत फैलाने के लिए जाना जाता है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है.
दिल्ली पुलिस ने खुफिया जानकारी पर की अहम कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पंकज उर्फ सूरा शाहबाद डेयरी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था. उस पर हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, पुलिस पर हमला और संगठित अपराध से जुड़े 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए शाहबाद डेयरी में MCOCA के तहत मामला दर्ज किया गया था. अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था. 3 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को दबोच लिया.
दिल्ली पुलिस ने कार और डिजिटल सबूत भी किया बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पंकज से एक टाटा पंच कार, एक मोबाइल फोन और जियो डोंगल बरामद किया गया. जबकि आकाश के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला. पुलिस का कहना है कि ये डिजिटल सबूत गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों तक पहुंचने में अहम साबित होंगे. दिल्ली पुलिस के मुताबिक पंकज और आकाश दोनों ही इलाके में वर्चस्व कायम करने और लोगों में डर पैदा करने के लिए हिंसक वारदातों में शामिल रहे हैं. इनके खिलाफ पहले ही कई मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और अदालतें संज्ञान ले चुकी हैं, जिससे MCOCA की शर्तें पूरी होती हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है.



