
संवाददाता
गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश स्थित गाजियाबाद में मंगलवार देर रात भारत सिटी में नौवीं मंजिल में स्थित एक फ्लैट की बालकनी से कथित तौर पर कूदने से तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस एक ऑनलाइन कोरियन गेम की लत संबंधी पहलू की भी जांच कर रही है. सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ये बहनें एक ऑनलाइन कोरियन गेम ‘लव गेम’ की आदी थीं और बच्चियों के माता-पिता उनके बहुत ज्यादा गेम खेलने पर आपत्ति जताते थे

सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस को मंगलवार देर रात करीब 2.15 बजे सूचना मिली कि साहिबाबाद इलाके में टीला मोड़ पुलिस स्टेशन के तहत भारत सिटी के एक टावर में नौवीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से तीन लड़कियों ने छलांग लगा दी है. उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि स्थानीय निवासी चेतन कुमार की तीनों लड़कियां – निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12), भूतल पर गिरी थीं और बुरी तरह से घायल थीं.

पुलिस के मुताबिक, जब आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर इस तरह की तस्वीरें और कागजात बिखरे पड़े थे, और यही पहली तस्वीर सामने आई थी.

कमरे के अंदर बच्चों द्वारा लिखे गए कुछ नोट भी मिले हैं. नोट में लिखा है- ‘I am very very alone’ और ‘Make me a heart of broken’. सामने आई तस्वीरों में एक लड़की की डायरी साफ तौर पर दिखाई दे रही है.

बताया जा रहा है कि डायरी के कुल आठ पन्नों में आत्महत्या की वजह लिखी गई है. पहले पन्ने पर अंग्रेजी में ‘Sorry Papa’ लिखा हुआ है.

इसके बाद के पन्नों में कोरियन भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें गेम, मोबाइल फोन और यह बात लिखी है कि परिवार ने फोन ले लिया था. डायरी में लड़कियों ने अपने नाम भी कोरियन भाषा में लिखे हुए हैं.



