
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में इंदिरापुरम के अहिंसा खंड स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रींस सोसायटी के बेसमेंट में करीब छह वर्षों से क्लाउड किचन चल रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि नक्शे में स्टोर दिखा रखा है, लेकिन संचालित हो रहे हैं क्लाउड किचन। दो बार इसमें आग लग चुकी है। घटना के बाद जीडीए अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं। शिकायत के बाद सोसायटी के बाहरी हिस्से में लगी दुकानों पर कार्रवाई कर दी जाती है, लेकिन बेसमेंट में चल रहे क्लाउड किचन पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। सोसायटी में 6000 लोग रहते हैं, जो खतरे के साये में जी रहे हैं।
सिलेंडर ब्लास्ट के बाद गोवा जैसे अग्निकांड की आशंका
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित चौधरी ने बताया कि वर्ष 2019 में सोसायटी के बेसमेंट में चह रहे क्लाउड किचन में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग लग गई थी। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। उसके बाद करीब एक सप्ताह पहले बेसमेंट में चल रहे क्लाउड किचन में आग लग गई थी। इसके बाद हादसे की आशंका बनी रहती है। शिकायत के बाद भी अधिकारी नींद से जाग नहीं रहे हैं। अगर जल्द ही इस पर रोक नहीं लगाई गई तो गोवा जैसा अग्निकांड यहां भी हो सकता है। साथ ही सिलेंडर के ब्लास्ट से सोसायटी में बड़ा हादसा हो सकता है।
-1769745417356.jpg)
600 लोगों के हस्ताक्षर के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
सोसायटी के लोगों ने बताया कि वो दो वर्ष से बेसमेंट के नीचे चल रहे क्लाउड किचन हटाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए 600 लोगों ने हस्ताक्षर कर इसका समाधान कराने की मांग की, बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी हो रही है। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
रात में तेज म्यूजिक से मरीज व बुजुर्ग परेशान
लोगों ने बताया कि बेसमेंट में संचालित हो रहे रेस्टोरेंट में रात में तेज म्यूजिक बजता है। इस दौरान शोर मचता रहता है। इससे मरीज व बुजुर्ग लोगों को काफी परेशानी होती है। रातभर चैन से सो नहीं पाते।
नक्शे में स्टोर के नाम पर क्लाउड किचन चलाया जा रहा है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति होती है। एक सप्ताह पहले आग लग गई थी। उसके बाद से हादसे की आशंका बनी रहती है। सिलेंडर ब्लास्ट से जिंदगीभर की गाढ़ी कमाई से बने सपनों के आशियाना को भी क्षति पहुंच सकती है। – डा. सना सैयद, स्थानीय निवासी
देर रात तक तेज आवाज में म्यूजिक बजता रहता है। इस दौरान शोर शराबा होता रहता है। चैन से सो नहीं पाता हूं। समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। – डीपीएस चौहान, स्थानीय निवासी
रेस्टोरेंट में तेज आवाज में देर रात तक म्यूजिक बजता रहता है। शोर शराबा से बहुत परेशानी होती है। – सुरेंद्र बत्रा, स्थानीय निवासी
नक्शे में बेसमेंट में स्टोर दिखाया गया है। उसके स्थान पर क्लाउड किचन चल रहे हैं। दो बार आग लगने की घटना हो चुकी है। सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार की शिकायत के बाद भी कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। करीब देर रात दो बजे तक तेज आवाज में म्यूजिक बजता रहता है। इस दौरान खूब शोर शराबा होता रहता है। साथ ही खुलेआम लोग शराब पीकर हंगामा करते हैं। – अमित चौधरी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। – आलोक रंजन, प्रभारी अधिकारी जीडीए



