गाज़ियाबाद

कावण यात्रा को कुंभ की तरह भव्य बनाने के लिए तैयारी जोरों पर, सीएम ले सकते हैं बैठक

गाजियाबाद : प्रयागराज में आयोजित हुए कुंभ की तर्ज पर कांवड़ यात्रा को भव्य रूप देने के लिए पुलिस प्रशासन और शासन के आलाधिकारी जुट गये हैं। कुंभ के आयोजन में जो सामान इस्तेमाल किया गया, उसे अब कांवड़ यात्रा के लिए गाजियाबाद लाने की तैयारी है। मोटर बोट, वाटरप्रूफ जैकिट, बैरियर और सीसीटीवी कैमरे समेत कई तरह की व्यवस्थाओं से कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी शुरू हो गयी है। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर कई जगह पर तो जाल लगाकर हादसों को रोका जाएगा।

कुंभ की तर्ज पर कांवड़ महापर्व पर शिवभक्तों को कोई परेशानी ना हो, इसके लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। ऐसे में इस यात्रा की समीक्षा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से किये जाने की संभावना को लेकर इन दिनों प्रशासनिक महकमे में हलचल मची हुई है। प्रदेश सरकार की ओर से संचालित महत्वपूर्ण 65 योजनाओं पर रात दिन मंथन चल रहा है। साथ ही कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने काम करना शुरू कर दिया है।

नगरीय क्षेत्र की व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह तथा देहात के नोडल अधिकारी बने एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार शर्मा ने व्यवस्थाओं को लेकर शिवभक्तों की संख्या को ध्यान में रखकर तमाम लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। मुरादनगर गंग नहर में चलाने के लिए मोटर बोट, कुंभ में इस्तेमाल हुए मोबाइल टॉयलेट मंगवाए जाएंगे। साइन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे,वाटरप्रूफ टेंट का सामान,बैरियर और बाकी सामान मंगवाया जा रहा है। इससे हादसों में कमी होगी और बेहतर व्यवस्था बन सकेगी।

सीएम कर सकते हैं बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 जुलाई को मुजफ्फरनगर के शुक्रताल आएंगे। माना जा रहा है कि वह कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा बैठक कर सकते हैं, क्योंकि 17 जुलाई से कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की संख्या में काफी इजाफा शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर डीएम रितु माहेश्वरी ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ आवास पर बैठक भी की और कांवड़ यात्रा को लेकर निरीक्षण कर खामियों को दूर कराने की हिदायत दी है। सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए 15 जुलाई की तारीख तय कर दी। साथ ही रेडियम स्टीकर लगाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com