
संवाददाता
नई दिल्ली। एमसीडी के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, आज नामांकन का आखिर दिन था। तीनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने जो प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं, इससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इन चुनावों में पार्टियों ने पुराने अनुभवी चेहरों और नए सक्रिय कार्यकर्ताओं के मिश्रण पर भरोसा जताया है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समीकरणों को साधते हुए अधिकतम सीटें जीतना है। यह उपचुनाव न केवल स्थानीय मुद्दों जैसे स्वच्छता, पानी और बिजली पर लड़ा जाएगा, बल्कि यह 2025 के विधानसभा चुनावों से पहले दिल्ली की राजनीतिक नब्ज को भी दर्शाएगा। प्रत्येक पार्टी का प्रदर्शन उनके द्वारा किए गए रणनीतिक चयन और उनके उम्मीदवारों की स्थानीय पहुंच पर निर्भर करेगा।
आप ने कार्यकर्ताओं को दिया टिकट, नहीं कोई बाहरी प्रत्याशी
अगर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की बात करें तो सभी आम आदमी पार्टी के ही कार्यकर्ता हैं जिनको टिकट मिला है। कोई भी ऐसा प्रत्याशी नहीं है जो किसी दूसरी पार्टी से आया हो। आप के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) ने निर्णय लिया है कि सिर्फ अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही टिकट देंगे। दूसरी पार्टी से आए किसी पैराशूट कैंडिडेट को टिकट नहीं देंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने महिला विंग से बबीता अहलावत को शालीमार बाग से टिकट दिया है। इसी तरह, चांदनी महल से यूथ विंग के स्टेट सह सचिव मुदस्सिर उस्मान कुरैशी, ग्रेटर कैलाश से ईशना गुप्ता दिल्ली छात्र विंग की सह प्रभारी, द्वारका बी वार्ड से वार्ड की अध्यक्षा राजबाला सहरावत और नारायणा वार्ड से राजेंद्र नगर विधानसभा अध्यक्ष राजन अरोड़ा को टिकट दिया गया है।
वहीं, विनोद नगर से साल 2017 से 2022 तक पार्षद रहीं गीता रावत को टिकट दिया है। अशोक विहार वार्ड से उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे विकास गोयल की पत्नी सीमा गोयल को टिकट दिया है। इसी तरह दक्षिणपुरी वार्ड से पार्टी ने अपने कार्यकर्ता राम स्वरूप कनोजिया और ढ़िचाऊं कला से नीतू केशव चौहान को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी ने टिकट वितरण में समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही है। यह रणनीति पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने पर केंद्रित है।
भारतीय जनता पार्टी का अनुभवी और स्थानीय नेताओं पर भरोसा
भाजपा ने उन वार्डों में अपनी पकड़ मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया है, जिनमें से अधिकांश पर पहले उसका कब्जा था। पार्टी ने अनुभवी और स्थानीय रूप से जड़ें जमाए नेताओं को मैदान में उतारा है। भाजपा की सूची में शामिल प्रत्याशी चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता और विनोद नगर से सरला चौधरी दोनों पूर्व पार्षद रह चुके हैं। वार्डों के जातीय और सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। शालीमार बाग-बी से अनीता जैन और अशोक विहार से वीना असीजा जैसी अनुभवी महिला नेताओं को टिकट दिया है। मुंडका से जयपाल सिंह दराल ‘नैनी प्रधान’ जैसे स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने अपने 12 प्रत्याशियों की सूची में सिर्फ महिला आरक्षित पांच वार्ड पर ही महिलाओं को टिकट दिया है। साथ ही रविवार शाम को चार बजे पार्टी में शामिल होने वाले सुरेश चौधरी को भी संगम विहार ए वार्ड से टिकट दिया है। सुरेश चौधरी वर्ष 2017 से 2022 तक संगम विहार ए वार्ड से निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं। अन्य वार्ड से पार्टी के कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया है। विनोद नगर वार्ड से पूर्वांचली चेहरे के रूप में विनय कुमार दुबे को टिकट दिया है। महिला आरक्षित सीट शालीमार बाग-बी से सरिता कुमारी तो चांदनी महल से अल्पसंख्यक चेहरे के रूप में कुंवर शेखजाद अहमद को टिकट देकर अपने समीकरण साधने की कोशिश की है।



