
संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन ने हिंडन नदी को पुनर्जीवित करने, संरक्षित करने और इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के उद्देश्य से गठित विशेषज्ञ कार्यसमिति में भारतीय औद्योगिक प्रबंधन परिषद के चेयरमैन एवं प्रख्यात पर्यावरणविद सत्येन्द्र सिंह को सदस्य नियुक्त किया है। यह समिति नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की स्वीकृति से गठित की गई है।
समिति में जिलाधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत, विकास प्राधिकरण, विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं विशिष्ट पर्यावरणविद् इसमें सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। सत्येन्द्र सिंह लंबे समय से हिंडन महोत्सव और विभिन्न पर्यावरणीय अभियानों के माध्यम से हिंडन नदी को बचाने के लिए सक्रिय रहे हैं। उनकी नियुक्ति पर पर्यावरणविदों और औद्योगिक जगत में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने कहा कि हिंडन नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर भी है। यह नदी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान है। इसे पुनर्जीवित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।



