
संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नामीबिया की राष्ट्रपति नेतुम्बो नंदी-डैतवाह ने एक विशेष समारोह में प्रदान किया।
पीएम मोदी ने हाल ही में पांच देशों की यात्रा कि जिसमें यह चौथा और पिछले 24 घंटों में दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इससे पहले इसी हफ्ते उन्हें दक्षिणी ब्राज़िल का क्रॉस मिला था।
भावुक होकर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी ?
इस ऐतिहासिक पल पर पीएम मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान भारत और नामीबिया के बीच मजबूत और घनिष्ठ होते संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “मैं लोकतंत्र की जननी का प्रतिनिधित्व करते हुए आपके समक्ष खड़ा हूं और आपके स्नेह व आदर के लिए आभार प्रकट करता हूं।”
वेल्वित्शिया मिराबिलिस पुरस्कार का अर्थ क्या हैं ?

यह पहला मौका है जब किसी भारतीय नेता को नामीबिया का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हुआ है। वेल्वित्शिया मिराबिलिस नामक यह पुरस्कार एक अनोखे पौधे के नाम पर रखा गया है, जो केवल नामीबिया की भूमि पर पाया जाता है और वर्षों तक जीवित रहता है। यह सम्मान न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और विश्व मंच पर उसकी बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी को अब तक कितने अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले ?
पीएम मोदी को अब तक कुल 27 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, जो भारत की वैश्विक कूटनीतिक स्थिति की पुष्टि करते हैं। इनमें कई देशों द्वारा दिया गया सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार शामिल है। जैसे कि ब्राजील ने ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द साउदर्न क्रॉस’, फ्रांस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजियन ऑफ ऑनर’, रूस ने ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ और अमेरिका ने ‘लीजन ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया।
इनके अलावा श्रीलंका का ‘मित्र विभूषण’, कुवैत का ‘ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर’, मालदीव का ‘निशान इज्जुद्दीन’, सऊदी अरब का ‘किंग अब्दुलअजीज साश’ और संयुक्त अरब अमीरात का ‘ऑर्डर ऑफ जायद अवार्ड’ जैसे कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड पीएम मोदी को मिल चुके हैं।



