
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल ने शहर में संचालित “सरकारी भूमि बचाओ अभियान” के तहत गुरुवार को विजयनगर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। महापौर ने नगर आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया और खुद अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाया।
निरीक्षण के दौरान मीठापुर सिजवान नगर (खसरा संख्या 333), डूंडाहेड़ा (खसरा संख्या 122, 123, 106, 193, 194) और बेहरामपुर (खसरा संख्या 164) क्षेत्रों में नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि यहां पहले भी तोड़फोड़ की गई थी, लेकिन एक बार फिर अवैध निर्माण किया गया था।
महापौर ने सख्त कदम उठाते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए। बेहरामपुर में लगभग 5500 वर्ग मीटर भूमि पर प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि कई लोग नगर निगम की भूमि पर मकान बनाकर उन्हें किराए पर दे चुके हैं या कृषि के लिए प्लॉट बेच चुके हैं। सुरेश कुमार त्यागी, जगवीर और श्यामलाल जैसे व्यक्तियों की ऐसी ही गतिविधियों की पुष्टि हुई है, जिन पर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने अवैध कब्जाधारियों से अपील की है कि वे स्वयं अपना सामान हटा लें ताकि उनके सामान का नुकसान न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग नगर निगम की भूमि पर कब्जा करके अदालत में मुकदमा दायर कर देते हैं, जिससे कार्रवाई में रुकावट आती है, लेकिन नगर निगम अब इन मुकदमों में अपना पक्ष मजबूती से रखेगा और अधिकतम भूमि को कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास करेगा।
शनिवार को मीठापुर और डूंडाहेड़ा में और कार्रवाई की योजना है। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



