
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। इंडी गठबंधन में फिर से तकरार देखने को मिल रही है। अब CPI (M) ने कांग्रेस सासंद राहुल और प्रियंका गांधी पर हमला बोला है। सीपीआई (M) पोलित ब्यूरो के सदस्य ए विजयराघवन ने कहा कि वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी की जीत के पीछे ‘सांप्रदायिक मुस्लिम गठबंधन’ था।
राहुल और प्रियंका पर CPI का हमला
वायनाड के बाथरी में माकपा के जिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजयराघवन ने कहा कि वायनाड से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों जीत गए। उन्होंने कहा कि आखिर ये किसके समर्थन से हुआ? केवल सांप्रदायिक मुस्लिम गठबंधन के मजबूत समर्थन से ये हुआ। उनके समर्थन के बिना, क्या राहुल गांधी का दिल्ली पहुंचना संभव था।
विजयराघवन यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के जुलूसों की अगली और पिछली पंक्तियों में कौन थे? अल्पसंख्यकों में सबसे चरमपंथी तत्व उन रैलियों में थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा था कि प्रियंका जमात-ए-इस्लामी के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं।



