
संवाददाता
गाजियाबाद । लोनी, खोडा, कनावनी के बाद अब डासना नगर पंचायत को भी नगर निगम में शामिल किए जाने की कवायद शुरू हो गई है। क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ.वीके सिंह ने इस सम्बंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में केन्द्रीय राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार से डासना नगर पंचायत क्षेत्र के विकास और उत्थान के लिए इसे गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में शामिल किया जाने का अनुरोध किया है। बता दें कि खोडा, लोनी और कनावनी को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
डासना नगर पंचायत में वर्तमान में वोटर्स की संख्या 35 हजार 326 है। नगर पंचायत में वार्डो की संख्या 15 है। लोनी में 55 और खोडा में 34 वार्ड हैं। कनावनी क्षेत्र को एक ही वार्ड बनाया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से भी वर्तमान वार्ड संख्या की रिपोर्ट भेजी गई है। अगर वार्ड संख्या में फेरबदल नहीं किया गया और डासना नगर पंचायत भी इसमें शामिल हो गई तो सौ वार्डो के नगर निगम की 200 से ऊपर पहुंच जाएगी। फिलहाल केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह द्वारा प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर डासना नगर पंचायत को नगर निगम में शामिल किए जाने का पत्र लिखा गया है।



