latest-newsदेश

‘बीजेपी आई तो खत्म हो जाएगी बांग्ला भाषा’, बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी ने भरी हुंकार, अमित शाह रहे निशाने पर

संवाददाता

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रही हैं. मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखे जुबानी बाण छोड़े. ममता बनर्जी ने इस बार ‘बांग्ला अस्मिता’ और ‘भाषा’ को अपना मुख्य चुनावी हथियार बनाया है. ममता बनर्जी ने रैली में मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए एक बड़ा भावनात्मक मुद्दा छेड़ा. उन्होंने कहा, ‘अगर टीएमसी को दोबारा सत्ता में नहीं लाया गया, तो याद रखिएगा कि भाजपा बांग्ला भाषा को दफन कर देगी.
ममता ने आगे कहा, ‘वे हमारी संस्कृति, हमारी पहचान और हमारी मातृभाषा पर हमला कर रहे हैं. वे बंगाल को गुजरात या किसी और राज्य की तरह बनाना चाहते हैं, जहां बांग्ला बोलने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी. यह चुनाव केवल सरकार चुनने का नहीं, बल्कि अपनी भाषा और संस्कृति को बचाने का है.’

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधने के लिए ‘मोटाभाई’ शब्द का इस्तेमाल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली से आकर बंगाल के अधिकारियों को धमका रही है. ममता ने कहा, ‘एक व्यक्ति यहां आकर बैठा है और हमारे अधिकारियों को डरा-धमका रहा है. ये ‘मोटाभाई’ महिलाओं के वोट काटने की साजिश रच रहे हैं. अगर आप में साहस है, तो सामने आकर खुले मैदान में मुकाबला कीजिए. पर्दे के पीछे से एजेंसियों और धमकियों का खेल बंद कीजिए.’

महिला वोट बैंक पर सियासत तेज
ममता बनर्जी का यह बयान उस समय आया है जब राज्य में ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी योजनाओं के कारण महिला मतदाता टीएमसी का मजबूत आधार बनी हुई हैं. ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा विभिन्न हथकंडों से महिलाओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने या उनके वोटों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए सजग रहें और किसी भी बाहरी दबाव में न आएं.

बीजेपी का ममता को करारा जवाब
इधर बीजेपी ने ममता के आरोप पर करारा जवाब दिया है. बीजेपी ने कहा है कि ममता बंगाल चुनाव में अपनी हार को देखकर हताश हो गई हैं औऱ पर्सनल अटैक करने लगी हैं. बंगाल में हर तरफ बीजेपी की हवा चल रही है. पीएम मोदी की कूच विहार रैली के बाद माहौल पूरी तरह से बदल जाएगा. ममता का बंगाल से जाना 2026 में कोई नहीं रोक सकता है. बीजेपी की पूरे बंगाल में लहर चल रही है.
कुलमिलाकर 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए ममता बनर्जी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. दूसरी तरफ बीजेपी ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला शुरू कर दिया है. ममता ने शमशेरगंज की इस रैली ने यह स्पष्ट कर दिया है कि टीएमसी इस चुनाव को ‘बंगाल बनाम बाहरी’ और ‘बांग्ला भाषा बनाम हिंदी थोपने’ की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है. मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि वह किसी भी कीमत पर केंद्र के ‘दबाव’ के आगे नहीं झुकेंगी. भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए इसे ममता बनर्जी की हताशा बताया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com