
संवाददाता
गाजियाबाद। सिद्धपीठ प्राचीन श्री हनुमान मंदिर, चौपला में गुरुवार 2 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य एवं अध्यक्षता में सम्पन्न होगा।
मंदिर को इस अवसर पर फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाएगा। बाबा का आकर्षक फूलों से श्रृंगार एवं विशेष फूलों की गैलरी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के अनुसार, देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन के लिए यहां पहुंचेंगे।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि यह मंदिर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर की शाखा है और इसकी ख्याति देश-विदेश तक फैली हुई है। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से हनुमान जी की पूजा-अर्चना करता है, उस पर हनुमान जी के साथ भगवान राम की विशेष कृपा होती है, जिससे उसके सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। मंदिर के मुख्य पुजारी ईश्वर पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की शुरूआत प्रात: 4 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगी। सुबह 9:30 बजे सुंदरकांड पाठ, दोपहर 12 बजे भंडारा, अपराह्न 4 बजे पुन: सुंदरकांड पाठ, शाम 6 बजे दिल्ली शहनाई प्रस्तुति, 6:45 बजे महाआरती एवं भव्य श्रृंगार और रात्रि में भजन संध्या व संकीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों का संचालन महंत गिरिशानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में किया जाएगा। आयोजन में पार्षद राजीव शर्मा एवं मनीष काबली परिवार का विशेष सहयोग रहेगा। पुजारी अनुपम और पं. रामलाल द्वारा पूजा-अर्चना कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने सभी तैयारियों का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण एवं भक्ति भाव के साथ संकटमोचन भगवान हनुमान की आराधना कर सकें।



