latest-newsअपराधएनसीआरदिल्ली

रोहिणी में दिल्ली पुलिस का एनकाउंटर, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

पकड़े गए बदमाशों की पहचान टिल्लू ताजपुरिया गैंग के कुणाल और उसके साथी विशाल के रूप में हुई है.

संवाददाता

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में शुक्रवार तड़के दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में पुलिस ने बवाना के हरेवली हत्याकांड में शामिल दो कुख्यात शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए बदमाशों की पहचान टिल्लू ताजपुरिया गैंग के कुणाल और उसके साथी विशाल के रूप में हुई है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों शूटरों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

करीब एक दर्जन राउंड चली गोलियां

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरेवली गांव के हत्याकांड में शामिल शूटर रोहिणी सेक्टर के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या छिपने के इरादे से आने वाले हैं. घेराबंदी देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस टीम ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने सीधी फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में करीब 12 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दोनों शूटरों को दबोच लिया गया. डीसीपी के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से इलाके में सक्रिय गैंगवार पर लगाम लगेगी. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है.

गैंगवार के चलते हुआ था हरेवली हत्याकांड

पूछताछ में सामने आया है कि इन दोनों शूटरों ने बीते हफ्ते बवाना के हरेवली गांव में वर्चस्व की लड़ाई के चलते खूनी खेल खेला था. इन्होंने गोगी गैंग से जुड़े रवि भारद्वाज के घर में घुसकर उसे गोलियों से भून दिया था. इस अंधाधुंध फायरिंग में रवि की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक नाबालिग सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. बीती 19 मार्च को बाहरी दिल्ली के हरेवली गांव में हुई इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाई थीं.

रवि भारद्वाज नाम के व्यक्ति की हुई थी हत्या

पुलिस के मुताबिक, यह हमला गैंगवार का नतीजा था। इस हत्याकांड के कथित मुख्य शूटर, 20 साल के आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को गुरुवार को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया था। आकाश मूल रूप से दिल्ली के नांगल ठाकरान का रहने वाला है और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का प्रमुख गुर्गा बताया जाता है। पुलिस अब घायल बदमाशों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।

  • पकड़े गए शूटर
  • कुणाल: टिल्लू ताजपुरिया गैंग का मुख्य शूटर, कई आपराधिक मामलों में वांछित.
  • विशाल: कुणाल का करीबी सहयोगी, हत्या और रंगदारी के मामलों में संलिप्त.
  • बरामदगी: पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com