
संवाददाता
गाजियाबाद । जासूसी और देश के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के मामले में कौशांबी पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कैमरे लगाने में नाबालिग की अहम भूमिका थी। जासूसी नेटवर्क में अब तक 18 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ताजा मामले में मथुरा की रहने वाली मीरा ठाकुर, नोशाद और एक नाबालिग को पकड़ा गया है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मथुरा निवासी मीरा ठाकुर और मुख्य आरोपित नौशाद हैं जबकि वीडियो बनाने के आरोप में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। इससे पहले कौशांबी पुलिस ने भोवापुर से पाकिस्तानी नंबर पर वीडियो और फोटो भेजने वाले आरोपितों को गिरफ्तार किया था।



