
संवाददाता
तेहरान । अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध अब और खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है. युद्ध को 22 दिन हो गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान के साथ कोई सीजफायर नहीं होगा और सैन्य अभियान जारी रहेगा. व्हाइट हाउस के बाहर ट्रंप ने कहा, ‘जब आप दूसरे पक्ष को पूरी तरह खत्म कर रहे हों, तब सीजफायर नहीं किया जाता.’ ट्रंप ने यह भी साफ किया कि अमेरिका और इजराइल इस युद्ध में एक ही लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हम दोनों को जीत चाहिए और हम उसी दिशा में बढ़ रहे हैं.’ इससे साफ संकेत मिलते हैं कि यह संघर्ष अब जल्दी थमने वाला नहीं है.
ईरान को अमेरिका ने दी राहत
होर्मुज की सुरक्षा के लिए साथ आए देश
पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति के की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेशकियन से फोन पर बात की और उन्हें ईद और नौरोज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने इस बात पर गहरी उम्मीद जताई कि त्योहारों का यह खुशनुमा सीजन पश्चिम एशिया के अशांत माहौल में शांति, स्थिरता और खुशहाली लेकर आएगा. पीएम मोदी ने क्षेत्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे (क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर) पर हो रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की, क्योंकि ऐसे हमलों से न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि पूरी दुनिया की सप्लाई चेन भी बुरी तरह प्रभावित होती है. साथ ही, उन्होंने समुद्री रास्तों की सुरक्षा और जहाजों की बेरोकटोक आवाजाही यानी फ्रीडम ऑफ नेविगेशन) को बेहद जरूरी बताया ताकि वैश्विक व्यापार सुरक्षित बना रहे. आखिर में, पीएम मोदी ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सलामती के लिए ईरानी सरकार द्वारा दिए जा रहे लगातार सहयोग की भी जमकर सराहना की.
डिएगो गार्सिया पर हमला, युद्ध के बढ़ने से जोखिम और बढ़ने की चेतावनी
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: हिंद महासागर में स्थित अमेरिका-ब्रिटेन के डिएगो गार्सिया सैन्य बेस पर ईरान के मिसाइल हमले ने युद्ध के फैलने के खतरे को और बढ़ा दिया है, रिपोर्ट्स के मुताबिक एक मिसाइल को रोक लिया गया जबकि दूसरी बीच रास्ते में ही नाकाम हो गई. विशेषज्ञों का कहना है कि यह हमला दिखाता है कि युद्ध अब भौगोलिक रूप से फैल रहा है, जिससे हालात पर नियंत्रण और मुश्किल हो सकता है. विश्लेषकों के मुताबिक ईरान सीधे युद्ध जीतने की बजाय इसकी कीमत बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है, और दूर स्थित ठिकानों को निशाना बनाकर यह संकेत दे रहा है कि संघर्ष जारी रहा तो जोखिम लगातार बढ़ता जाएगा.
तेहरान में फिर धमाके
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान की राजधानी तेहरान के पूर्वी हिस्से में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी गई है, रिपोर्ट्स के मुताबिक रात भर शहर के कई इलाकों में विस्फोट होते रहे जिनमें एकबताण और ओलंपिक विलेज भी शामिल हैं. इससे पहले इजरायल ने नवरोज और ईद के दिन तेहरान में कई हमले करने की बात कही थी, हालांकि इन ताजा हमलों में किसी के हताहत होने की तुरंत कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों से शहर में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है.
इजरायल पर फिर मिसाइलों की बारिश, लोगों को बंकर में जाने का अलर्ट
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: इजरायल पर ईरान ने एक और मिसाइल हमला किया है, जिसके बाद सेना ने लोगों को तुरंत सुरक्षित जगहों और बंकरों में जाने की चेतावनी जारी की है. यह शनिवार सुबह से चौथा बड़ा अलर्ट बताया जा रहा है, जिससे हालात की गंभीरता साफ झलक रही है. इजरायली सेना के मुताबिक एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं और ईरान से दागी गई मिसाइलों को हवा में ही रोकने की कोशिश जारी है. लगातार हो रहे हमलों के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों से तब तक सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है जब तक खतरा पूरी तरह टल नहीं जाता.
जंग के साये में फीका पड़ा नवरोज का त्योहार
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान में इस बार नवरोज का त्योहार पूरी तरह बदला हुआ नजर आया, सदियों पुरानी परंपरा के बावजूद लोग सड़कों पर नहीं उतरे और न ही रात में आग जलाकर जश्न मनाया गया. सरकार ने लोगों को इकट्ठा होने से रोका, आशंका जताई गई कि विरोध प्रदर्शन हो सकते हैं. कई लोगों ने घरों के अंदर ही त्योहार मनाया, लेकिन माहौल पहले जैसा खुशहाल नहीं दिखा, क्योंकि युद्ध के बीच कई परिवार अपने प्रियजनों को खोने के गम में हैं. वहीं ईद उल फितर की नमाज तो हुई, लेकिन इस बार नए सुप्रीम लीडर की गैरमौजूदगी ने लोगों को अलग ही संदेश दिया और हालात की गंभीरता को और महसूस कराया.
होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए आगे आया संयुक्त राष्ट्र
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि संगठन होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में मदद करने के लिए तैयार है, उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संयुक्त राष्ट्र ने रूस और यूक्रेन के बीच ब्लैक सी ग्रेन डील कराने में अहम भूमिका निभाई थी. गुटेरेस ने कहा कि कोशिश की जा रही है कि होर्मुज में भी पहले जैसे हालात बनाए जा सकें ताकि जहाजों की आवाजाही सामान्य हो सके. इसके लिए संयुक्त राष्ट्र खाड़ी देशों और यूरोपीय परिषद के साथ लगातार बातचीत कर रहा है, क्योंकि इस जलडमरूमध्य में तनाव का सीधा असर वैश्विक सप्लाई और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है.



