latest-newsदेश

‘दो सप्ताह में पीएनजी के 1.25 लाख नए कनेक्शन, 3 दिन में 5600 ग्राहक हुए शिफ्ट’, तेल संकट पर सरकार ने दी जानकारी

केंद्र सरकार ने बताया कि कमर्शियल एलपीजी के मामले में लगभग 17 राज्य सरकारों ने अलॉटमेंट ऑर्डर जारी कर दिए हैं.

संवाददाता

नई दिल्ली । मिडिल ईस्ट युद्ध की वजह से पैदा हुए गैंस संकट पर केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया कि पिछले दो हफ्तों में पीएनजी के 1.25 लाख नये कनेक्शन दिए गए हैं. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को बताया कि पिछले 3 दिन में 5600 एलपीजी ग्राहक पीएनजी में शिफ्ट हुए. उन्होंने कहा कि भारत सरकार घरेलू ग्राहकों को एलपीजी उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर हर मुमकिन कोशिश कर रही है, इसलिए लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए.

कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने उठाए कदम

उन्होंने कहा,”कल भारत सरकार ने सभी राज्य सरकारों को एक और पत्र लिखा, जिसमें उनसे ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी को रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाने और जहां भी नियम तोड़े जाएं, कानून के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया.

राज्य सरकारों से मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. इसके अलावा, लगभग 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जिला स्तर पर मॉनिटरिंग कमेटियां भी बनाई गई हैं. उन्होंने कहा कि कल ब्लैक मार्केट करने वालों के खिलाफ 6000 पर छापेमारी की गई.”

ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है

सुजाता शर्मा ने बताया कि कमर्शियल एलपीजी के मामले में लगभग 17 राज्य सरकारों ने अलॉटमेंट ऑर्डर जारी कर दिए हैं और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कमर्शियल एलपीजी सप्लाई कर दी गई है.

उन्होंने कहा, ‘मिडिल ईस्ट जंग के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. हालांकि, किसी भी डिस्ट्रीब्यूशन पर एलपीजी की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है. कल एलपीजी ऑनलाइन बुकिंग 56 लाख कि थी और सप्लाई 55 लाख की रही. एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से चल रही है.’ ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है. इसके अलावा, लगभग 83 प्रतिशत रिफिल डिलीवरी ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ के माध्यम से की जा रही हैं.

’15 राज्यों ने केरोसिन आवंटन के आदेश जारी किए’

सुजाता शर्मा ने बताया, ‘लगभग 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अतिरिक्त केरोसिन आवंटन के लिए आदेश जारी किए हैं. घबराहट में की जा रही बुकिंग में कमी आ रही है. कल लगभग 57,000 रिफिल बुकिंग प्राप्त हुईं. कच्चे तेल की स्थिति और रिफाइनरी प्लांट का संचालन सामान्य है. खुदरा पंपों पर तेल की कमी की कोई सूचना नहीं मिली है. सभी खुदरा आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. घरेलू कच्चे तेल और परिवहन के लिए सीएनजी की आपूर्ति बिना किसी कटौती के 100 फीसदी सुनिश्चित है.’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com