संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बीते हफ्ते भीषण गर्मी से राहत के बाद एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि आने वाले घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. कई हिस्सों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान की भी चेतावनी जारी की है. वहीं, देश के कई राज्यों में तीन दिनों तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से आम जनन-जीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले तीन दिनों यानी कि 20 मार्च तक उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. दिल्ली और एनसीआर के क्षेत्र जैसे कि गाजियाबाद, गुरुग्राम, दादरी और बुलंदशहर के इलाकों में बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आने वाले एक से दो घंटों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि आज दिल्ली के बुराड़ी, बादली, मॉडल टाउन से लेकर आजादपुर वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, दिल्ली में आने वाले दो से तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना है. वहीं, मौसम विभाग ने ना केवल दिल्ली बल्कि उत्तर भारत में कई इलाकों में आने वाले 72 घंटों बारिश की चेतावनी जारी की है.
कई राज्यों में मौसम का यूटर्न
मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान, मध्य प्रदेश से लेकर असम तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम यू-टर्न लिया है. इसकी वजह से ना केवल मैदानी इलाकों में बल्कि पहाड़ो पर भी बारिश के साथ भारी बर्फबारी हो रही है. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 मार्च को, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 मार्च को, पश्चिमी राजस्थान में 19 मार्च को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है.
मौसम विभाग बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम खतरनाक रूप से खतरनाक रूप से मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 से 64 घंटे काफी खतरनाक होने वाले हैं. 19 और 20 मार्च को पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के साथ छिटपुट से भारी बारिश होने की संभावना है.
एमपी-छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि ना केवल उत्तरी और पश्चिमी भारत बल्कि मध्य और पूर्वी भारत में मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा में हल्की बारिश के साथ तूफान आने की संभावना है. विदर्भ में बुधवार यानी कि 18 मार्च छत्तीसगढ़ में 18 और 19 मार्च को, पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 और 20 तारीख को, ओडिशा में 19-21 तारीख के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है.
झारखंड से लेकर बंगाल तक बारिश
मौसम विभाग ने झारखंड से लेकर बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में झारखंड में में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिम बंगाल से लेकर सिक्किम में 20 और 21 मार्च को ओलावृष्टि होने की संभावना है. साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की कि देश के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर गरज-चमक के साथ बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के लगातार एक्टिव होने की वजह से अगले एक सप्ताह तक तापमान सामान्य रहने की संभावना है.
बिहार में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि अभी बिहार के मौसम कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, अगले 72 घंटों में बंगाल से लगे जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बिजली की गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान चलने की संभावना जताई है. हालांकि, अभी बिहार में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक चल रहा है.