
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली में गर्मी ने मार्च की शुरुआत से ही रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है. ऐसे में बृहस्पतिवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. दिनभर तेज धूप के कारण लोगों ने गर्मी का अहसास किया. हालांकि, सुबह-शाम की हल्की ठंड अब धीर-धीरे खत्म हो रही है. गुरुवार को साफ आसमान और तीखी धूप के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. 2011 से 2025 के दौरान 10 मार्च से पहले अधिकतम तापमान कभी भी 34 डिग्री के पार नहीं गया. केवल 2021 में आठ मार्च को 34 डिग्री दर्ज हुआ था.
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.यह भी इस वर्ष का ही नहीं बल्कि 10 मार्च से पहले पांच सालों का सर्वाधिक है. इससे पहले 2021 में आठ मार्च को ही यह 18.9 डिग्री रहा था. हवा में नमी का स्तर गुरुवार को 81 से 28 प्रतिशत रिकार्ड किया गया. मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि इस साल तेजी से गर्मी बढ़ने की मुख्य वजह मजबूत पश्चिमी विक्षोभों का अभाव है. फरवरी में वर्षा नहीं के बराबर हुई तो मार्च भी सूखा ही चल रहा है.

दिल्ली में मौसम का हाल (IMD Site)
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान लगातार बढ़ सकता है. दिल्ली में 6 मार्च से 11 मार्च तक मौसम सामान्य रहेगा. अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा और न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 6, 7 और 8 मार्च को आसमान अधिकतर साफ रहेगा और तेज हवा चलने की संभावना है. 9 से 11 मार्च तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है.
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड CPCB के अनुसार राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 149 अंक बना हुआ है. जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 152, गुरुग्राम में 148, गाजियाबाद में 158, ग्रेटर नोएडा में 145 और नोएडा में 149 अंक बना हुआ है. दिल्ली की अधिकता इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच में बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 200 से ऊपर और 300 के बीच में बना हुआ है.



