latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली पुलिस में सबसे बड़ा फेरबदल: बदल गए नौ जिलों के डीसीपी और तिहाड़ के डीजी

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में हाेली से एक दिन पहले मंगलवार को पहली बार बड़ा फेरबदल किया गया है। करीब ढाई माह से डीपीपी से लेकर विशेष आयुक्त रैंक के अधिकारियों के तबादले को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। गृह विभाग के प्रधान सचिव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक दिल्ली के नौ जिले के डीसीपी बदल दिए गए। दिल्ली पुलिस में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 50 और दानिप्स के 20 अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश जारी किए गए। उपराज्यपाल की स्वीकृति से जारी इस आदेश में विशेष आयुक्तों, संयुक्त आयुक्तों, अतिरिक्त आयुक्तों और पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) सहित विभिन्न स्तरों पर परिवर्तन किए गए हैं। इसकी जद में जिला पुलिस, अपराध, यातायात, सुरक्षा और विशेष इकाइयों आई हैं।

डिस्ट्रिक्ट लेवल पर इन लोगों का हुआ ट्रांसफर

जिला स्तर पर भी कई फेरबदल की घोषणा की गई है। बाहरी दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा को नयी दिल्ली का डीसीपी बनाया गया है, जबकि यातायात के डीसीपी शशांक जायसवाल का तबादला रोहिणी जिले के डीसीपी के पद पर किया गया है। राजीव कुमार को पूर्वी दिल्ली के डीसीपी और कुशल पाल सिंह को द्वारका के डीसीपी के पद पर तैनात किया गया है।

राजेंद्र प्रसाद मीना को शाहदरा के डीसीपी के पद पर तैनात किया गया है, जबकि आकांक्षा यादव का तबादला उत्तर पश्चिम दिल्ली की डीसीपी के रूप में किया गया है। विक्रम सिंह को बाहरी दिल्ली का डीसीपी और अनंत मित्तल को दक्षिण दिल्ली के डीसीपी के पद पर तैनात किया गया है। रोहित राजबीर सिंह को मध्य दिल्ली के डीसीपी का कार्यभार दिया गया है।

कई इकाइयों में भी फेरबदल हुआ है, जिसमें दक्षिण दिल्ली के डीसीपी के रूप में कार्यरत अंकित चौहान को डीसीपी (विशेष शाखा) के पद पर तैनात किया गया है और द्वारका के डीसीपी रहे अंकित कुमार सिंह को डीसीपी (सतर्कता) का पद दिया गया है।

सुधांशु वर्मा को डीसीपी (सुरक्षा-प्रधानमंत्री) की जिम्मेदारी

शोभित डी सक्सेना को यातायात के डीसीपी के रूप में तैनात किया गया है, जबकि भरत रेड्डी बोम्मारेड्डी ने डीसीपी (रेलवे) का कार्यभार संभाला है, साथ ही उन्हें डीसीपी (मेट्रो) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में, सुधांशु वर्मा को डीसीपी (सुरक्षा-प्रधानमंत्री), संदीप गुप्ता को डीसीपी (यातायात), विनीत कुमार को डीसीपी (तकनीक और पीआई) और सुमित कुमार झा को डीसीपी (सीपी सचिवालय-अपराध) के रूप में नियुक्त किया गया है।

दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव, और दादरा और नगर हवेली पुलिस सेवा (दानिप्स) कैडर में, व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया के हिस्से के रूप में, शाहदरा, उत्तर, बाहरी, दक्षिण-पूर्व और रोहिणी सहित विभिन्न जिलों में वर्तमान ड्यूटी-प्रभार व्यवस्था के तहत कई सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) को अतिरिक्त डीसीपी की जिम्मेदारियां दी गई हैं।

दक्षिण रेंज के संयुक्त आयुक्त संजय कुमार जैन को पुलिस आयुक्त का ओएसडी बना दिया गया है। किम कैमिंग को संयुक्त आयुक्त आर्म्ड पुलिस, धीरज कुमार को संयुक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच, अजित कुमार सिंगला को संयुक्त आयुक्त पूर्वी रेंज, एम एन तिवारी को संयुक्त सुरक्षा, विजय कुमार को संयुक्त आयुक्त दक्षिण रेंज, संजय कुमार त्यागी को संयुक्त आयुक्त ट्रैफिक, मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त आयुक्त आइएफएसओ, विजयंता आर्या को अतिरिक्त आयुक्त ट्रैफिक, सत्यवीर कटारा को एडिशनल पुलिस कमिश्नर भर्ती सेल, हरेंद्र कुमार सिंह को एडिशनल पुलिस कमिश्नर सुरक्षा, अभिषेक धानिया को एडिशनल पुलिस कमिश्नर क्राइम, रवि कुमार सिंह को एडिशनल पुलिस कमिश्नर आर्थिक अपराध शाखा, राकेश पावरिया को एडिशनल पुलिस कमिश्नर सुरक्षा को बनाया गया है। अंकित चौहान को स्पेशल ब्रांच का डीसीपी बनाया गया है।

नए डीजी जेल होंगे आनंद मोहन

Mr Anand Mohan IPS – IG – Central Industrial Security Force
आईपीएस आनंद मोहन

वहीं इस फेरबदल में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी वीरेंद्र सिंह का महानिदेशक (होम गार्ड) के पद पर, आनंद मोहन का महानिदेशक (जेल) के पद पर और सुरेंद्र सिंह यादव का महानिदेशक (नागरिक सुरक्षा) के पद पर तबादला भी शामिल है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस बड़े पैमाने के फेरबदल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी के जिलों और विशेष इकाइयों में पुलिस व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com