संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार देर रात कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़े अधिवक्ता दीपक खत्री की कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में उनके एक साथी संदीप को कंधे में गोली लगी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की है. बताया गया कि दीपक खत्री चार साथियों के साथ कार से हनुमान मंदिर से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे, तभी स्कूटर सवार तीन बदमाशों ने कार को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए.
ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा ने बताया कि दीपक खत्री पेशे से अधिवक्ता हैं और रात करीब 10:30 बजे चार साथियों के साथ कार से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावर स्कूटर पर आए, जिनमें से एक के पास हथियार था और उन्होंने कार पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में उनके एक साथी संदीप के कंधे में गोली लगी. उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
ज्वाइंट सीपी ने कहा कि दीपक खत्री और उनके साथियों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि दीपक खत्री को शाहजाद भट्टी नामक व्यक्ति की ओर से धमकी मिलने की बात कही गई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा.घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. डीसीपी राजा बांठिया नें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं.



