
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद । शालीमार गार्डन थाना प्रभारी और एक अधिवक्ता का ऑडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। आडियो में दो युवकों को छोड़ने के एवज में 25 सीमेंट के कट्टे मांगने का मामला सामने आया है। उधर, एसीपी ने ऑडियो को छह माह पुराना होने की बात कही है। उन्होंने आडियो से छेड़छाड़ किए जाने की भी बात कही है।
शालीमार गार्डन थाना प्रभारी बृजेश यादव व अधिवक्ता प्रदीप कुमार त्यागी के बीच गहमागहमी की ऑडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। 49 सेकेंड के इस ऑडियो में अधिवक्ता दो युवकों को छोड़ने की सिफारिश कर रहे हैं।
जिसके एवज में थाना प्रभारी 25 कराने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। अधिवक्ता के मना करने पर ऑडियो में थाना प्रभारी पुलिसकर्मी को दोनों युवकों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई करने की बात कहते हैं।
मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि दो युवकों के बीच लेनदेन का मामला था। एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूप पर लूट की फर्जी सूचना दी थी। फर्जी सूचना देने पर दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। उन्होंने दोनों को छोड़ने के एवज में रुपयों की मांग किए जाने से इनकार किया है।
मामला अगस्त 2025 का है। रुपयों के लेनदेन की कोई बातचीत नहीं है। तब थाना निर्माण का कार्य चल रहा था। सहयोग के लिए 25 कट्टे सीमेंट देने को कहा गया था। ऑडियो से छेड़छाड़ की गई है।
– अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन



