
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के प्रशासनिक गलियारों में पिछले कई दिनों से चल रहे कयास पर विराम लग गया. गृह विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है. वहीं 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्रीवास्तव को यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है.
तिहाड़ को मिला नया नेतृत्व
तिहाड़ जेल, जो देश के सबसे संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल कारागार परिसरों में से एक है, वहां पूर्णकालिक महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चर्चाएं गरम थीं. देवेश चंद्र श्रीवास्तव की छवि एक सुलझे हुए और सख्त अधिकारी रही है. वर्तमान में वे दिल्ली पुलिस की महत्वपूर्ण ‘क्राइम ब्रांच’ की कमान संभाल रहे हैं. जानकारों का मानना है कि जेल प्रशासन में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से उन्हें यह अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. गृह विभाग द्वारा 6 फरवरी 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, उनकी यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी.
अनिल शुक्ला को होमगार्ड की जिम्मेदारी
इसी आदेश के तहत एक और बड़ा फेरबदल किया गया है. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी अनिल शुक्ला को होमगार्ड डीजी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. अनिल शुक्ला आतंकवाद निरोधी दस्ता (स्पेशल सेल) जैसे महत्वपूर्ण विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं. हालांकि, उन्हें होमगार्ड की कमान सौंपे जाने के फैसले ने प्रशासनिक हलकों में कई लोगों को चौंका दिया है. पुलिस विभाग और सचिवालय के गलियारों में इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि एक सक्रिय फील्ड यूनिट के प्रमुख को होमगार्ड जैसे विभाग की जिम्मेदारी देने के पीछे विभाग की क्या रणनीति है.
प्रशासनिक हलकों में बढ़ी हलचल
शुक्रवार देर शाम जारी इस आदेश ने पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है. विशेष रूप से स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच जैसे दो सबसे महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुखों को जेल और होमगार्ड जैसे नागरिक सुरक्षा विभागों की कमान सौंपना एक बड़े प्रशासनिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है. इस बदलाव के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तिहाड़ जेल में कैदियों के प्रबंधन और सुरक्षा के मोर्चे पर श्रीवास्तव क्या नई पहल करते हैं. वहीं, अनिल शुक्ला के मार्गदर्शन में होमगार्ड विभाग में किस तरह के संगठनात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं.



