
संवाददाता
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक एक दिन पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. शुक्रवार 7 फरवरी को USA के खिलाफ मैच से ठीक पहले भारतीय टीम को ये बुरी खबर मिली है. हर्षित को हाल ही में भारतीय टीम के प्रैक्टिस मैच के दौरान चोट लग गई थी, जिसके चलते वो मैच बीच में छोड़कर ही चले गए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच से एक दिन पहले ही उनके बाहर होने की खबर आ गई.
प्रैक्टिस मैच की चोट ने किया नुकसान
हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए भारतीय स्क्वॉड में जगह मिली थी और उनका प्लेइंग-11 में जगह बनाना भी तय था. मगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी को खेले गए अभ्यास मैच में गेंदबाजी के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई थी. इसके चलते वो एक ओवर की ही गेंदबाजी कर सके और फिर मैदान छोड़कर उन्हें बाहर जाना पड़ गया. इसके बाद से ही हर्षित की चोट को लेकर टीम में चिंता का माहौल था. मगर अब उनका सफर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर्षित राणा पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं. उनके घुटने की चोट ज्यादा गंभीर साबित हुई और वो आगे खेल पाने की स्थिति में नहीं होंगे. हालांकि, मैच से एक दिन पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस खबर की पुष्टि नहीं की और सिर्फ इतना कहा कि वो अभी भी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं लेकिन भारतीय कप्तान ने ये जरूर माना कि हर्षित की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है और शुक्रवार शाम तक ही टीम को इसकी पूरी जानकारी मिल पाएगी.
हर्षित की जगह टीम में कौन?
भारतीय टीम का पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में अमेरिका से होगा. इस मुकाबले में तो शायद टीम इंडिया को हर्षित की जरूरत नहीं होगी लेकिन टूर्नामेंट में आगे बढ़ने पर उनकी जरूरत पड़ सकती है. हर्षित टीम को सिर्फ एक अच्छा बॉलिंग विकल्प ही नहीं देते, बल्कि निचले क्रम में आकर बल्ले से भी कमाल दिखा सकते हैं. ऐसे में उनकी जगह BCCI किसे चुनती है, ये काफी अहम होने वाला है. हर्षित की गैरहाजिरी में टीम इंडिया के पास सिर्फ जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के रूप में 2 प्रमुख तेज गेंदबाज रह जाते हैं, जबकि तीसरे पेसर की भूमिका में हार्दिक पंड्या होंगे. ऐसे में एक तेज गेंदबाज को मौका मिलने की ज्यादा संभावना है.



