
संवाददाता
गाजियाबाद। कुछ दिन पहले ही तलवार बांटने के मुद्दे पर गिरफ्तार किए गए हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी एक बार फिर चर्चाओं में हैं। पिंकी चौधरी ने अपना एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने हिंदू समाज के लोगों से ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की है। साथ ही पिंकी चौधरी ने चौथा और पांचवां बच्चा पैदा करने पर आर्थिक मदद का भी ऐलान किया है। पिंकी चौधरी ने कहा कि जो हिंदू परिवार चौथा बच्चा पैदा करेगा, वो उनके कार्यालय से 21 हजार और पांचवां बच्चा होने पर 31 हजार रुपये ले जाएं।
अपने फेसबुक पेज पर जारी वीडियो में पिंकी चौधरी ने कहा, ‘आज हमारे हिंदू परिवार एक-एक, दो-दो बच्चे पैदा कर रहे हैं, जो भारत के आने वाले भविष्य के लिए बहुत घातक है। दूसरी तरफ, मुस्लिम समाज के लोग ज्यादा बच्चे पैदा कर रहे हैं। इसलिए, मैं अपने हिंदू परिवारों से कह रहा हूं कि अगर आपको आर्थिक परेशानी है, तो उसकी मदद हम करेंगे। जो भी हिंदू परिवार चौथा बच्चा करेगा, तो उसे 21 हजार रुपये हिंदू रक्षा दल देगा। अगर परिवार पांचवां बच्चा पैदा करेगा, तो उसे 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही चौथे और पांचवें बच्चे की पढ़ाई का खर्च भी हम उठाएंगे।’



