
संवाददाता
गाजियाबाद । हिंडन एयरपोर्ट टर्मिनल के विस्तार का काम आखिरकार जमीन पर शुरू हो गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत एयरपोर्ट परिसर को मुख्य एंट्री गेट की तरफ से नौ मीटर आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से होने वाले से विस्तार कार्य को पूरा करने के लिए आठ महीने का समय तय किया गया है।
हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण के निदेशक डॉ चिलका महेश ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल का विस्तार दो चरणों में किया जाना है। पहले चरण में मुख्य एंट्री गेट की तरफ से टर्मिनल के प्रवेश द्वार को नौ मीटर आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल करीब 800 वर्ग मीटर बढ़ जाएगा। दूसरे चरण में छह एकड़ से ज्यादा जमीन का अधिग्रहण कर एयरपोर्ट का बड़ा विस्तार किया जाना है। हालांकि इसकी प्रक्रिया अभी पाइपलाइन में है।
मुख्य सड़क की चौड़ाई होगी 120 मीटर
अधिकारी के मुताबिक, विस्तार के तहत एयरपोर्ट की मुख्य सड़क को 120 मीटर की लंबाई तक फोर लेन जितना चौड़ा किया जाएगा, जिसकी कुल चौड़ाई साढ़े 14 मीटर होगी। इसके अलावा यात्रियों के लिए डेढ़ मीटर चौड़ा फुटपाथ और साढ़े आठ मीटर चौड़ा गाड़ियों के रुकने के लिए नया कर्ब भी बनेगा। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे बढ़ाए जाएंगे और मुख्य सुरक्षा अधिकारी का नया ऑफिस भी तैयार होगा। काम शुरू करने वाली फॉर्म ने मौके पर पैमाइश और मिट्टी की जांच का काम शुरू कर दिया है।
एयरपोर्ट दफ्तर का काम होगा सुगम
इस काम के बाद प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में भी बढ़ोतरी हो जाएगी। साथ ही एयरपोर्ट दफ्तर का काम भी सुगम हो सकेगा।



