latest-newsराज्य

जीतनराम मांझी भाजपा से नाराज, मांगी राज्यसभा सीट, दी धमकी

संवाददाता

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के नेता जीतनराम मांझी इन दिनों भाजपा से नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया था। अगर उन्हें यह सीट नहीं दी गई तो वे एनडीए से नाता तोड़ लेंगे।

मांझी ने गयाजी में कहा कि यदि इस बार उन्हें राज्यसभा की सीट नहीं मिली, तो वे न केवल मंत्री पद छोड़ देंगे, बल्कि एनडीए से भी नाता तोड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय उन्हें राज्यसभा सीट देने का वादा किया गया था। अब यदि वादा पूरा नहीं हुआ, तो वे चुप नहीं बैठेंगे।

बिहार के इस दिग्गज नेता ने भाजपा पर बेईमानी और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव तक उन्हें कम करके आंका गया।

उन्होंने अपने बेटे और हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मंत्री डॉ.संतोष कुमार सुमन को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में बने रहना है तो जोखिम लेना पड़ेगा। मन छोटा मत करिए, भाजपा से लड़ाई के लिए तैयार रहिए। अगर हमें कमजोर समझा गया, तो हम अलग रास्ता चुनने से पीछे नहीं हटेंगे।

गौरतलब है कि बिहार चुनाव में राजग की बंपर जीत के बाद डॉ. संतोष कुमार सुमन को नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया था।

बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें आगामी महीनों में खाली होने वाली हैं। इन पर अप्रैल में चुनाव होने हैं। संख्या बल के हिसाब से सभी सीटें एनडीए के खाते में जाती दिख रही हैं। ऐसे मांझी भी दबाव की राजनीति कर एक सीट अपने खाते में चाहते हैं। बहरहाल मांझी की इस नाराजगी ने बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com