latest-newsउत्तर प्रदेशदेश

केशव प्रसाद मौर्य को BJP ने दी अहम जिम्मेदारी, बनाए गए बिहार चुनाव के सह प्रभारी

संवाददाता

नई दिल्ली।  भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अहम जिम्मेदारी दी है। उन्हें बिहार चुनाव में सह प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटील को केशव प्रसाद मौर्य की तरह ही सह प्रभारी बनाया गया है।

बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है। सूबे में मुख्य मुकाबला बीजेपी-जेडीयू के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और कांग्रेस एवं आरजेडी की सरपरस्ती वाले महागठबंधन के बीच है।

बिहार में चुनावों के ऐलान से पहले ही सभी राजनीतिक दल अभी से जनता के बीच जाकर प्रचार में जुट गए हैं। पिछले 2020 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के साथ मिलकर जीत हासिल की थी। इस बार भी एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले ही पार्टियां जनता को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इसके साथ ही नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है, जो चुनावी माहौल को और गर्म कर रहा है। ऐसे में बिहार चुनावों की जिम्मेदारी संभालने जा रहे धर्मेंद्र प्रधान और उनकी टीम के काम पर सबकी नजरें होंगी।

वहीं, पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को बंगाल का प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ लोकसभा सांसद बिप्लव कुमार देब को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति को और प्रभावी बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com