
संवाददाता
आगरा। बागेश्वर सरकार बालाजी धाम प्रमुख पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का शनिवार को आगरा के राजदेवम में आशीर्वचन कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री आगरा पहुंच भी गए लेकिन प्रशासन ने आखिरी वक्त में कार्यक्रम को रदद करने की घोषणा कर दी। प्रशासन के इस फैसले से आचार्य धीरेंद्र शास्त्री नाखुश दिखे।
अत्यधिक भीड़ और व्यवस्थाओं की कमी के चलते कार्यक्रम को रदद घोषित कर दिया गया है। पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने आयोजक पुष्कल गुप्ता के पदम प्राइड अपार्टमेंट स्थित आवास पर पहुंचने के बाद वीडियो जारी कर अफसोस व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, कि वह भी आगरा वालों से मिलना चाहते थे, लेकिन मिलना नहीं हो सका। जल्द वे दोबारा आएंगे और कथा सुनाएंगे।
इससे पहले बागेश्वर सरकार बालाजी धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वचन कार्यक्रम तारघर मैदान में प्रस्तावित था, लेकिन शुक्रवार को भारी वर्षा के बाद हुई अव्यवस्थाओं के बाद कार्यक्रम स्थल बदल दिया गया था। इसके लिए फतेहाबाद रोड स्थित राज देवम गार्डन को चुना गया था। जहां प्रवेश सिर्फ पास के आधार पर होने की बात कही थी। यहां सिर्फ 5 हजार लोगों के लिए ही जगह है लेकिन 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम को रदद कर दिया।



