latest-newsदेश

मायावती ने किया संगठन में बडा बदलाव, अब छह राष्ट्रीय कोर्डिनेटर, प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा, विश्वनाथ पाल पर फिर से जताया भरोसा

विशेष संवाददाता

लखनऊ । विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कवायद के तहत बसपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संगठन में एक बार फिर से बडे बदलाव किए हैं। मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद का सियासी कद बढ़ाने के साथ-साथ छह राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बना दिए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल पर अपना भरोसा कायम रखा है।

बसपा अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नंबर-2 की पोजिशन दी है और साथ ही पार्टी में तीन से बढ़ाकर छह राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बना दिए हैं।

मायावती ने आकाश आनंद का प्रमोशन करते हुए मुख्य राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया है। इसके अलावा छह राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाने के साथ-साथ यूपी सहित करीब डेढ़ दर्जन प्रदेश अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान किया है। मायावती ने यूपी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर विश्वनाथ पाल को बनाए रखा, तो बसपा में काफी पावरफुल माने जाने वाले रामजी गौतम के पर कतर दिए हैं।

आकाश आनंद को मुख्य राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। साथ ही रामजी गौतम, राजाराम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधांकर, अतर सिंह राव और धर्मवीर सिंह अशोक को राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया है। पार्टी में अभी तक तीन राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर हुआ करते थे, जिसे बढ़ाकर अब छह कर दिया गया है।

मायावती ने राजाराम के साथ मोहित आनंद, अतर सिंह राव के साथ सुरेश आर्या और धर्मवीर अशोक के साथ दयाचंद को सह-प्रभारी के तौर पर लगाया है।

आकाश आनंद की जिम्मेदारी सभी सेक्टर, केंद्रीय और स्टेट कोऑर्डिनेटरों और प्रदेश अध्यक्षों के काम की समीक्षा करना है। इसके साथ ही वह सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे। यह कदम 2027 के विधानसभा चुनावों में बसपा की स्थिति को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर रामजी गौतम को दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान जैसे अहम राज्य की कमान मायावती ने उनसे ले ली है।

बसपा प्रमुख ने राजेश तंवर को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, रमाकांत पिप्पल को मध्य प्रदेश अध्यक्ष, श्याम टंडन को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। बिहार का प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो और महाराष्ट्र का प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुनील डोंगरे को बनाया है। इसके अलावा, कर्नाटक की एम कृष्णा मूर्ति, तमिलनाडु की पी आनंद, केरल की ज्वाय आर थामस, हरियाणा की कृष्ण जमारपुर, पंजाब की अवतार सिंह करीपुरी, राजस्थान की प्रेम बारुपाल, झारखंड की शिव पूजन मेहता, पश्चिम बंगाल की मनोज हवलदार, ओडिशा की सरोज कुमार नायक, आंध्र प्रदेश की बंदेला गौतम, तेलंगाना की इब्राम शेखर, गुजरात की भगूभाई परमार, हिमाचल प्रदेश की विक्रम सिंह नायर, जम्मू-कश्मीर की दर्शन राणा, चंडीगढ़ की बृजपाल और उत्तराखंड की अमरजीत सिंह को कमान सौंपी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com