
संवाददाता
नई दिल्ली । गृह मंत्रालय ने दिल्ली में नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर दिया है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार आईपीएस सतीश गोलचा दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। गोलचा मौजूदा पुलिस कमिश्नर एसबीके सिंह का स्थान लेंगे। जिन्हे महज 21 दिन में अस्थाई कमिश्नर के पद से हटा दिया गया। गोलचा वर्तमान में डीजी (जेल) का कार्यभार देख रहे हैं। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा तिहाड़ जेल, मंडोली और रोहिणी जेलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और कामकाज में उल्लेखनीय बदलाव की दिशा में काम कर रहे थे। उनकी नियुक्ति उस दिन से प्रभावी होगी, जिस दिन वह कार्यभार संभालेंगे और अगले आदेश तक जारी रहेगी।
इस बीच दिल्ली पुलिस कमिश्नर के बदले जाने को जानकार सीएम पर हमले की घटना से जोड़कर भी देख रहे हैं। सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान गुजरात के एक शख्स ने हमला कर दिया था। शख्स को कथित रूप से डॉग लवर बताया जा रहा है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस के कमिश्नर को ऐसे समय में बदला गया है, जब एक दिन पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर ‘जन सुनवाई’ के दौरान हमला किया गया था। नए पुलिस आयुक्त से उम्मीद है कि वे शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री पर हमले की घटना ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आईपीएस गोलचा ने पिछले साल मई में ही महानिदेशक (जेल) का प्रभार संभाला था। गोलचा डीजी (जेल) की जिम्मेदारी संभालने से पहले दिल्ली पुलिस में स्पेशल सीपी (इंटेलिजेंस) के पद पर तैनात थे। इससे पहले वे अरुणाचल प्रदेश में डीजीपी के साथ ही स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर, ज़ोन 2) के पद पर भी काम कर चुके हैं। आईपीएस गोलचा ने दिल्ली क्राइम ब्रांच के प्रमुख की भी जिम्मेदारी निभाई है।
गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक पिछले 20 दिनों में दिल्ली में बंदूक हिंसा और अपराध की घटनाओं में अचानक वृद्धि ने केंद्र को चिंतित कर दिया था। इसके चलते शीर्ष स्तर पर बदलाव किया गया। यह कदम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर हुए हमले के बमुश्किल 24 घंटे बाद उठाया गया है। सीएम पर हमले की इस घटना ने उनकी सुरक्षा में चूक पर सवाल खड़े कर दिए थे। महज 21 दिन में कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर के पर से रूखसत हुए एसबीके सिंह का कार्यकाल सबसे छोटा रहा है।



