latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता’ के संदेश के साथ नगर निगम ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

संवाददाता

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के 78 वर्ष पूर्ण होने पर गाजियाबाद नगर निगम ने शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन कर देशभक्ति की मिसाल पेश की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में 78 फीट लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” का संदेश शहरवासियों तक पहुंचाना रहा।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत नगर निगम मुख्यालय से हुई, जो नवयुग मार्केट स्थित शहीद पथ तक निकाली गई। इस दौरान निगम अधिकारी, सभी पार्षदगण, एमबी गर्ल्स स्कूल की छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और देशभक्ति गीतों के साथ वातावरण को राष्ट्रमय बना दिया।

शहीद पथ पर पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ, जहां नगर आयुक्त और पार्षदों ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उपस्थित जनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को निगम की टीम युद्धस्तर पर चला रही है। अगले दो दिनों में चार लाख राष्ट्रीय ध्वज घर-घर पहुंचाने का कार्य निगम द्वारा किया जाएगा।

अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि इस अभियान में सामाजिक संगठनों और पार्षदों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को 15 अगस्त के बाद सम्मानपूर्वक उतार कर सुरक्षित रखने की अपील की जा रही है।

इस अवसर पर शहर के सभी जोनों के पार्षदों को झंडों का वितरण किया गया है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को गति दे सकें। गाजियाबाद नगर निगम की यह पहल न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल कर रही है, बल्कि स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com