
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। भाजपा की महिला राजनीति में एक संशय बरकार था और इस संशय को भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने दूर कर दिया है। दरअसल बीते दिनों ये चर्चा थी कि भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उदिता त्यागी हैं। इस दौरान कई बार ये बात उठी भी थी कि वो भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ना होकर महानगर संयोजिका हैं। वो संयोजक के तौर पर काम कर रही थीं, लेकिन जब भी उदिता त्यागी को महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष अन्य लोगों द्वारा कहा गया तो उन्होंने कभी इसका खण्डन भी नहीं किया। वहीं उन्हें यह दायित्व तब मिला था जब संजीव शर्मा महानगर अध्यक्ष थे।
बताया जाता है कि कई मौकों पर महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक ने ये कहा भा था कि अध्यक्ष वही हैं, लेकिन राजनीति में जो दिखता वही बिकता है। यहां फ्रंट पर उदिता त्यागी दिखाई देती थी, लिहाजा उन्हें ही अध्यक्ष बताया जाता था। जब भाजपा का कार्यक्रम आया और उसमें महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में पूनम कौशिक का नाम आया तो इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने के लिये मीडिया ने भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल से बात की। मयंक गोयल ने यहां स्थिति को स्पष्ट किया और उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक ही हैं और वही आॅपरेशन सिंदूर उपलब्धि कार्यक्रम की कमान संभालेंगी।
उदिता त्यागी के मौजूदा दायित्व को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उदिता त्यागी के पास क्षेत्रीय टीम में दायित्व था और वह अपने उसी पुराने दायित्व पर क्षेत्रीय टीम में रिटर्न हो गई हैं और महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक ही हैं।