
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली । पंजाब और हरियाणा के बीच पानी विवाद से दिल्ली में भी राजनीति शुरू हो गई है। इस विवाद से दिल्ली में जल आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। इसे लेकर दिल्ली सरकार ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की निंदा की है।
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना है कि पंजाब सरकार दिल्ली में जल संकट पैदा करना चाहती है। पंजाब सरकार पर हरियाणा ने भाखड़ा जलाशय से उसके कोटे का पानी नहीं देने का आरोप लगाया है।
पानी रोकने पर क्या बोले हरियाणा सीएम?
इसे लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा था कि पंजाब सरकार द्वारा पानी रोकने से दिल्ली में जल आपूर्ति बाधित हो सकती है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में हार के बाद आम आदमी पार्टी दिल्ली में जल आपूर्ति बाधित करने के लिए यह कार्रवाई किया है।
गंदी राजनीति बंद करो वरना पंजाब से भी जाओगे: प्रवेश वर्मा
वहीं, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पंजाब सरकार हरियाणा और दिल्ली का पानी रोककर गंदी राजनीति पर उतर आई है। दिल्ली में हारने के बाद अब दिल्ली में जल संकट पैदा करना चाहती है। हम दिल्ली में साफ और हर घर में पानी देने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं और अब पंजाब सरकार दिल्ली की जनता से ऐसे बदला लेना चाहती है। बंद करो ये गंदी राजनीति वरना पंजाब से भी जाओगे।” आने वाले समय में इसे लेकर राजनीति और तेज हो सकती है।
सीएम ने जल बोर्ड के अफसरों के साथ की बैठक
उल्लेखनीय है कि इससे पहले, बुधवार यानी 30 अप्रैल को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली जल बोर्ड मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें राजधानी की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी और सीवर व्यवस्था पर चर्चा की गई।
साथ ही स्मार्ट प्लानिंग, तकनीक के बेहतर उपयोग और दीर्घकालिक समाधान को लेकर एक ठोस रोडमैप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि आने वाले दशकों में दिल्लीवासियों को किसी भी तरह की जल संकट या सीवर संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।



