
केवल तीन दिनों के लिए आंशिक रूप से बंद कर रहे हैं बूचड़खाना
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की पूर्व महापौर सत्या शर्मा ने कहा है कि शरद नवरात्र जैसे पवित्र त्योहर शुरू होने में अब तीन दिन बाकी रह गए हैं। इसलिए नवरात्र से दशहरे तक गाजीपुर के बूचड़खाने को पूरी तरह बंद रखा जाए। यह हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा त्योहार है और इन दिनों में मांसाहार पूरी तरह निषेध होता है।
पूर्व महापौर ने कहा है कि नवरात्र के दिनों में वातावरण पूरी तरह धार्मिक हो जाता है। इस दौरान मांस तो क्या, कई लोग प्याज-लहसुन तक का उपयोग नहीं करते। मंदिरों में ही नहीं बल्कि हर घर में माता ही प्रचंड ज्योति जलती है। वातावरण रामस्तुति से भी सराबोर हो जाता है। ऐसे में बूचड़खाने का खुलना हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ होगा। सत्या शर्मा ने कहा कि गाजीपुर का बूचड़खाना सप्तमी से लेकर नवमी तक आंशिक रूप से बंद रखने का फैसला किया गया है। उन्होंने महापौर और निगमायुक्त से मांग की है कि इस दौरान बूचड़खाना पूरी तरह से बंद रखा जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य धर्मों के लोग भी इस भावना को स्वीकार करेंगे।
सत्या शर्मा ने चेतावनी दी है कि अगर बूचड़खाना बंद करने का फैसला नहीं लिया गया तो इसे दिल्ली की जनता के खिलाफ नगर निगम में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी का हिंदू विरोधी फैसला माना जाएगा।



